ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

एयर इंडिया के बोइंग 787-8 में फिर गड़बड़ी, विमान को सेवा से हटाया

एयरलाइन ने विमान निर्माता कंपनी बोइंग को भी इस मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच करने और पायलट की चिंताओं को दूर करने के लिए कहा है।

एयर इंडिया विमान / IANS File Photo

टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने पायलट द्वारा फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी बताए जाने के बाद अपने एक बोइंग 787-8 विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है।  

एयरलाइन ने आधिकारिक बयान में इस घटनाक्रम की पुष्टि की। एयर इंडिया ने कहा कि पायलट से सूचना मिलते ही एहतियाती कदम के तौर पर विमान को सेवा से हटा दिया गया।

एयरलाइन ने विमान निर्माता कंपनी बोइंग को भी इस मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच करने और पायलट की चिंताओं को दूर करने के लिए कहा है।

जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया के फ्लाइट एआई 132 (बोइंग 787-8) विमान लंदन से बेंगलुरु के लिए उड़ानभर रहा था, लेकिन उड़ान से पहले होने वाले फ्लाइट चेक के दौरान यह समस्या सामने आई है।

यह भी पढ़ें- बजट में कस्टम ड्यूटी राहत का US टैरिफ से कोई लिंक नहीं: वित्त मंत्री सीतारमण

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान में कहा कि इस मामले की जानकारी विमानन नियामक, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है।

एयरलाइन ने आगे कहा कि मामले की समीक्षा के दौरान वह सभी आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन कर रही है। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने पहले अपने बेड़े के सभी बोइंग 787 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच की थी। ये जांच डीजीसीए के निर्देशानुसार की गई थी और उस समय कोई समस्या नहीं पाई गई थी।

एयर इंडिया ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल का हित सर्वोपरि है और वह उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाना जारी रखेगी।

दिसंबर में एयरलाइन ने बताया कि मुंबई जाने वाली एक फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दिल्ली लौट आई। 22 दिसंबर को जारी एक बयान में एयरलाइन ने कहा कि विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और यात्री एवं चालक दल के सदस्य उतर चुके हैं।

न्यू इंडिया अब्रॉड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें।

Comments

Related