ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारतीय छात्रों को चुटकियों में मिलेगा जापान का वीजा, बस करना होगा ये काम

भारत में जापान के राजदूत हिरोशी एफ सुजुकी ने बताया कि भारतीयों के लिए जापान का स्टूडेंट वीजा हासिल करना बेहद आसान है। उन्हें अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी बस स्टू़डेंट आईडी पेश करनी होती है और उनका वीजा मंजूर हो जाता है।

भारतीयों के लिए जापान का स्टूडेंट वीजा हासिल करना बेहद आसान है। / Image: unsplash.com

उच्च शिक्षा के लिए जापान जाने की योजना बना रहे भारतीय छात्रों के लिए अच्छी खबर है। जापान का वीजा लेना अब उनके लिए और भी आसान हो गया है। उन्हें महज स्टूडेंट आईडी पेश करनी होगी और उसी के आधार पर छात्र वीजा जारी कर दिया जाएगा। 

भारत में जापान के राजदूत हिरोशी एफ सुजुकी ने यूट्यूबर मैयो सान के साथ इंटरव्यू में इस बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जापान में भारतीय छात्रों के लिए अपार संभावनाएं इंतजार कर रही हैं। जापान भारतीय छात्रों को अपने यहां पढ़ाई करने के लिए आमंत्रित करता है। जापान में स्किल डेवलपमेंट के लिए कई विशेष कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनसे आगे चलकर अच्छी नौकरी की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं। 

राजदूत हिरोशी ने बताया कि भारतीयों के लिए जापान का स्टूडेंट वीजा हासिल करना बेहद आसान है। उन्हें अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी बस स्टू़डेंट आईडी पेश करनी होती है और उनका वीजा मंजूर हो जाता है। भारतीय छात्र किसी भारतीय  यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन करने के तीन साल के अंदर भी अपनी स्टूडेंट आईडी दिखाकर वीजा ले सकते हैं। 

राजदूत का कहना था कि जापान और भारत के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। हमारा मकसद है कि भारत से युवा लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में जापान जाएं और वहां उपलब्ध रोजगार के अवसरों का फायदा उठाएं। 

उन्होंने कहा कि जापान जाकर पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और ये एक अच्छा संकेत है। यह दिखाता है कि दोनों देशों के आपसी संबंध अच्छी दिशा में प्रगति कर रहे हैं।

जापानी राजदूत ने बातचीत के दौरान भारतीय खानपान की भी अपने अंदाज में तारीफ की। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि भारतीय व्यंजनों का स्वाद लेना अपने आप में एक अनोखा अनुभव होता है, लेकिन  कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें मुंह में रखते ही आंखों से आंसू निकलने लगते हैं। उन्होंने अपने पसंदीदा भारतीय व्यंजनों के बारे में भी बताया। 

Comments

Related