ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

ओक्लाहोमा में भारतीय-अमेरिकी मोटल मैनेजर की मौत, अजनबी ने मारा था मुक्का!

विवाद तब हुआ जब मिस्त्री ने 41 वर्षीय रिचर्ड लुइस को मोटल संपत्ति छोड़ने के लिए कहा। कहासुनी में लुइस ने मिस्त्री को मुक्का मार दिया। मुक्का लगते ही मिस्त्री जमीन पर गिर पड़े।

 भारतीय-अमेरिकी हेमंत मिस्त्री भारतीय-अमेरिकी हेमंत मिस्त्री / Courtesy Photo

ग्रोव, ओक्लाहोमा में 22 जून को एक 59 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी हेमंत मिस्त्री की एक अजनबी द्वारा मुक्का मारने के बाद मृत्यु हो गई। ओक्लाहोमा पुलिस ने कहा कि मिस्त्री एक स्थानीय मोटल में महाप्रबंधक थे। वह बेहोश पाए गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में उनकी मौत हो गई।

विवाद तब हुआ जब मिस्त्री ने 41 वर्षीय रिचर्ड लुइस को मोटल संपत्ति छोड़ने के लिए कहा। कहासुनी में लुइस ने मिस्त्री को मुक्का मार दिया। मुक्का लगते ही मिस्त्री जमीन पर गिर पड़े। मिस्त्री अचेत हो गये थे। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने कहा है कि वह अभी भी मामले की जांच कर रही है। ओक्लाहोमा सिटी पुलिस ने बताया कि लुइस को बाद में एस. मेरिडियन एवेन्यू के 1900 ब्लॉक में एक होटल में पाया गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वर्तमान में जांच प्रारंभिक चरण में है। 



मिस्त्री के परिवार में उनकी पत्नी गीतांजलि और दो बच्चे हैं। गीतांजलि मिस्त्री का फेसबुक पेज शोक संदेशों से भरा पड़ा है। उनके बेटे कुणाल ने भी अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक संदेश साझा किया है।

कुणाल ने लिखा- मेरी जिंदगी फिर कभी पहले जैसी नहीं होगी। पिताजी, आपने हमें बहुत जल्दी छोड़ दिया। आपने हमें सब कुछ दिया। आपने यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत मेहनत की कि हमें सर्वोत्तम जीवन मिले। आप बहुत निस्वार्थ थे और अपने आस-पास के सभी लोगों की मदद करते थे। अपने परिवार और अपने काम के प्रति आपका समर्पण सराहनीय था।

बेटे ने आगे लिखा- कृपया हमारा ध्यान रखना जारी रखें। मुझे अपनी ताकत दें और इस यात्रा में मेरा मार्गदर्शन करते रहें। मां, शिवू और यश के बारे में चिंता न करें। मैं उनका हमेशा वैसा ही खयाल रखूंगा जैसा आपने रखा। 

खबरों के मुताबिक मिस्त्री मूल रूप से गुजरात के बिलिमोर के रहने वाले थे। वह ओकलाहोमा के गुजराती समाज के एक सक्रिय सदस्य थे, जहां उन्होंने दान अभियान चलाया।

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?