श्री थानेदार / Rep. Shri Thanedar
अमेरिकी सांसद श्री थानेदार 7 जुलाई को डेट्रॉइट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे, जिसमें वह ट्रंप प्रशासन से गॉर्डी होवे इंटरनेशनल ब्रिज को जल्द खोलने की मांग करेंगे। यह पुल अमेरिका के मिशिगन राज्य के डेट्रॉइट और कनाडा के ओंटारियो प्रांत के विंडसर शहर को जोड़ता है।
इसके शुरू होने के बाद इसे अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार माना जा रहा है। हालांकि पिछले महीने इसका उद्घाटन टाल दिया गया था क्योंकि अमेरिका और कनाडा ने दोनों देशों के बीच चल रहे व्यापक व्यापारिक विवादों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आपत्तियों के बाद इसके शुभारंभ को स्थगित कर दिया था।
थानेदार के कार्यालय के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस डेट्रॉइट के रिवरसाइड पार्क में आयोजित होगी। इसके बाद वायने काउंटी कम्युनिटी कॉलेज के डाउनटाउन कैंपस में एक सार्वजनिक टाउन हॉल बैठक भी होगी। इन दोनों कार्यक्रमों में हाउस होमलैंड सिक्योरिटी कमेटी के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य बेनी जी. थॉम्पसन (मिसिसिपी-02) और सांसद लू कोरेआ (कैलिफोर्निया-46) भी श्री थानेदार के साथ शामिल होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले तीनों सांसद पुल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से गॉर्डी होवे इंटरनेशनल ब्रिज को अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) के आधिकारिक पोर्ट ऑफ एंट्री के रूप में शुरू करने की अपील करेंगे।
सांसदों का कहना है कि यह सीमा पार मार्ग संचालन शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उनके अनुसार इसके खुलने से अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार और आवागमन आसान होगा, साथ ही दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। करीब 6.4 अरब कनाडाई डॉलर (लगभग 4.7 अरब अमेरिकी डॉलर) की लागत से बना यह पुल उत्तरी अमेरिका की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक है।
इसका निर्माण कनाडा के वित्तपोषण से किया गया है। उम्मीद है कि इसके शुरू होने से एबेंसडर ब्रिज और डेटरॉयट-विंडसर टनल पर यातायात का दबाव कम होगा। ये दोनों अमेरिका और कनाडा के बीच सबसे व्यस्त व्यावसायिक सीमा पार मार्गों में शामिल हैं। साथ ही यह पुल उस व्यापारिक गलियारे में माल ढुलाई को और सुगम बनाएगा, जिसके माध्यम से हर साल सैकड़ों अरब डॉलर का व्यापार होता है।
हालांकि, इस वर्ष की शुरुआत में अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने गॉर्डी होवे इंटरनेशनल ब्रिज को आधिकारिक अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन पोर्ट ऑफ एंट्री घोषित करने का नियम अंतिम रूप दे दिया था, लेकिन इसके बावजूद पुल अभी तक शुरू नहीं किया गया है।
यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन ने कहा है कि पुल के संचालन शुरू होने की आधिकारिक घोषणा उचित समय पर की जाएगी। इससे पहले फरवरी में श्री थानेदार ने मिशिगन से डेमोक्रेटिक सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर भी प्रशासन से पुल को तय समय पर शुरू करने की मांग की थी।
उन्होंने कहा था कि इससे रोजगार बढ़ेगा, व्यापार मजबूत होगा और मिशिगन के साथ-साथ पूरे अमेरिकी आर्थिक तंत्र को लाभ मिलेगा। श्री थानेदार ने बाइक द बॉर्डर एक्ट नामक विधेयक भी पेश किया है। इस प्रस्तावित कानून का उद्देश्य गॉर्डी होवे इंटरनेशनल ब्रिज के माध्यम से साइकिल और अन्य गैर-मोटर चालित वाहनों के सीमा पार आवागमन को आसान बनाना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक डेट्रॉइट के रिवरसाइड पार्क में आयोजित होगी। इसके बाद शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक वायने काउंटी कम्युनिटी कॉलेज के डाउनटाउन कैंपस स्थित फ्रैंक हेडन कम्युनिटी रूम में सार्वजनिक टाउन हॉल का आयोजन किया जाएगा।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login