जान्हवी कंडुला / File photo
अमेरिका के सिएटल में पुलिस वाहन की टक्कर से जान गंवाने वाली भारतीय छात्रा जान्हवी कंडुला के मामले में 29 मिलियन डॉलर (लगभग 262 करोड़ रुपये) के मुआवजे की घोषणा हुई, लेकिन यह जानकारी परिवार को आधिकारिक रूप से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए मिली।
इस बीच परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जान्हवी के पिता कंडुला श्रीकांत, जो आंध्र प्रदेश पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल थे, का 10 फरवरी को हृदयाघात से निधन हो गया। वे अनंतपुर जिले के गुंटकल में तैनात थे। उनका अंतिम संस्कार 11 फरवरी को कुरनूल जिले के आदोनी स्थित पैतृक गांव में किया गया।
परिवार के एक सदस्य ने बताया कि वे शोक में हैं और फिलहाल मुआवजे के समझौते पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हाल ही में परिवार को अमेरिका के एक अधिकारी का फोन आया था, जिसमें उन्हें मार्च में अमेरिका आने के लिए कहा गया।
यह भी पढ़ें- बांग्लादेश में BNP सरकार, भारत समेत दक्षिण एशिया पर क्या असर?
कैसे हुआ था हादसा?
23 वर्षीय जान्हवी कंडुला Northeastern University के सिएटल कैंपस में सूचना प्रणाली में मास्टर्स कर रही थीं, 23 जनवरी 2023 को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पुलिस वाहन की चपेट में आ गईं। पुलिस अधिकारी केविन डेव 40 किमी/घंटा की सीमा वाले क्षेत्र में लगभग 119 किमी/घंटा की रफ्तार से वाहन चला रहे थे। डैशकैम फुटेज में दिखा कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि जान्हवी करीब 100 फीट दूर जा गिरीं।
बॉडीकैम वीडियो से मचा था बवाल
घटना के बाद Seattle Police Department के एक अधिकारी के बॉडीकैम वीडियो सामने आए, जिनमें वह इस हादसे को लेकर मजाक करते सुनाई दिए। वीडियो में सिएटल पुलिस ऑफिसर्स गिल्ड के उपाध्यक्ष डैनियल ऑडेरर हंसते हुए कहते हैं, “वह मर चुकी है… बस 11 हजार डॉलर का चेक लिख दो,” और आगे कहते हैं, “वह 26 साल की थी, उसकी वैल्यू सीमित थी।”
इस बयान पर भारत में भी आक्रोश फैल गया था और भारत सरकार ने अमेरिका से निष्पक्ष जांच की मांग की थी। बाद में डैनियल ऑडेरर और केविन डेव दोनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
110 मिलियन डॉलर के मुकदमे का निपटारा
परिवार ने 2024 में 110 मिलियन डॉलर का मुकदमा दायर किया था। 12 फरवरी को सिएटल शहर प्रशासन ने 29 मिलियन डॉलर के समझौते की घोषणा की। सिटी अटॉर्नी एरिका इवांस ने बयान में कहा, “जान्हवी कंडुला की मौत हृदयविदारक थी। शहर को उम्मीद है कि यह आर्थिक समझौता परिवार को कुछ हद तक संतोष देगा। जान्हवी का जीवन मायने रखता था।”
न्यू इंडिया अब्रॉड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login