ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कैलिफोर्निया विधानसभा में हिंदू सराहना माह प्रस्ताव पेश

प्रस्ताव हिंदू-अमेरिकियों, हिंदू मंदिरों और हिंदू समुदाय से जुड़े अन्य स्थानों के खिलाफ होने वाले सभी घृणा अपराधों और भेदभावपूर्ण घटनाओं की निंदा करता है। इसके साथ ही यह कैलिफोर्निया में हिंदू समुदाय के प्रति ज्यादा जागरूकता और समझ बढ़ाने की अपील करता है और राज्य में उसके सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान का सम्मान करने की बात कहता है।

 सांकेतिक तस्वीर सांकेतिक तस्वीर / Pexels

कैलिफोर्निया विधानसभा के सदस्य ऐश कालरा और डॉ. दर्शना पटेल ने 18 मई को कैलिफोर्निया हिंदू-अमेरिकी जागरूकता और सराहना माह प्रस्ताव पेश किया। हालांकि अभी यह प्रस्ताव पेंडिंग रेफरल स्थिति में है। प्रस्ताव एसीआर 207 के तहत अक्टूबर महीने को हिंदू विरासत माह घोषित करने की मांग की गई है ताकि हिंदू विरासत और कैलिफोर्निया समेत पूरे अमेरिका में हिंदू समुदाय के योगदान का सम्मान किया जा सके।

इस प्रस्ताव में समुदाय के सामने मौजूद मौजूदा चुनौतियों का भी जिक्र किया गया है। इसमें राज्य के चार हिंदू मंदिरों में हुई तोड़फोड़ और हिंदू विरोधी घटनाओं में बढ़ोतरी का उल्लेख है। कोएलिशन ऑफ हिंदू अमेरिकन्स यानी CoHNA ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। संगठन ने दोनों विधानसभा सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि एसीआर 207 पेश करने और इस महत्वपूर्ण व संतुलित प्रस्ताव पर सहयोग के लिए विधानसभा सदस्य ऐश कालरा और डॉ. दर्शना पटेल का धन्यवाद।

CoHNA ने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि एसीआर 207 को विधानसभा में जल्द और सर्वसम्मति से मंजूरी मिलेगी। प्रस्ताव में कैलिफोर्निया की असाधारण सांस्कृतिक, जातीय, भाषाई और धार्मिक विविधता को रेखांकित किया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अमेरिका में सबसे बड़ी हिंदू आबादी में से एक कैलिफोर्निया में रहती है।

प्रस्ताव में कहा गया है कि साल 2026 उस ऐतिहासिक मौके की 133वीं वर्षगांठ है जब स्वामी विवेकानंद ने 1893 में शिकागो की विश्व धर्म संसद में हिंदू धर्म को आधिकारिक रूप से अमेरिका में प्रस्तुत किया था। साथ ही यह 1900 में सैन फ्रांसिस्को में वेदांत सोसायटी की स्थापना की 126वीं वर्षगांठ भी है।

आपको बताएं कि प्रस्ताव में हिंदू मूल्यों जैसे सेवा यानी निस्वार्थ सेवा और अहिंसा यानी हिंसा न करने की भावना को भी मान्यता दी गई है। इसके अलावा दिवाली जैसे त्योहारों का भी जिक्र किया गया है जिसे कैलिफोर्निया ने 2026 से आधिकारिक सार्वजनिक अवकाश के रूप में मान्यता दी है।

प्रस्ताव में कहा गया है कि कैलिफोर्निया में 120 से ज्यादा हिंदू मंदिर, धार्मिक केंद्र और सांस्कृतिक संस्थान मौजूद हैं। इसके साथ ही उच्च शिक्षा, उद्यमिता और देश सेवा में हिंदू-अमेरिकी समुदाय के योगदान को भी रेखांकित किया गया है। हालांकि प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि इतने योगदान के बावजूद समुदाय को भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।

इसमें न्यूआर्क स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर, हेवर्ड के विजय शेरावाली मंदिर, मेदर के बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर और चिनो हिल्स के बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं का जिक्र किया गया है। प्रस्ताव हिंदू-अमेरिकियों, हिंदू मंदिरों और हिंदू समुदाय से जुड़े अन्य स्थानों के खिलाफ होने वाले सभी घृणा अपराधों और भेदभावपूर्ण घटनाओं की निंदा करता है। इसके साथ ही यह कैलिफोर्निया में हिंदू समुदाय के प्रति ज्यादा जागरूकता और समझ बढ़ाने की अपील करता है और राज्य में उसके सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान का सम्मान करने की बात कहता है।
 

Comments

Related