ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

रिश्वतखोरी के आरोपों में घिरे अडानी ग्रुप को केन्या ने दिया तगड़ा झटका, दो बड़े सौदे रद्द किए

राष्ट्रपति विलियम रूटो ने नैरोबी के जोमो केन्याटा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (और सरकारी बिजली सेवा को लेकर अडाणी समूह से किए सौदे रद्द करने की घोषणा की है। 

अडानी ग्रुप पर अमेरिका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। / REUTERS/Amit Dave/File Photo

अमेरिका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों में घिरे भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी को केन्या सरकार ने बड़ा झटका दिया है। केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने नैरोबी के जोमो केन्याटा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेकेआईए) और सरकारी बिजली सेवा को लेकर अडाणी समूह के साथ सौदों को रद्द करने की घोषणा की है। 

प्रेसिडेंट रूटो ने अपने सालाना स्टेट ऑफ द नेशन संबोधन में कहा कि उन्होंने संबंधित एजेंसियों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप से जेकेआईए विस्तार के लिए खरीद प्रक्रिया को तुरंत रद्द करने का निर्देश दिया है, साथ ही केट्राको ट्रांसमिशन लाइन परियोजना को भी रद्द करने को कहा है। 

सांसदों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच रूटो ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर अगर पुख्ता सबूत या विश्वसनीय सूचनाएं मिलती हैं तो मैं निर्णायक कार्रवाई करने से भी नहीं हिचकिचाऊंगा। रूटो ने कहा है कि उनकी सरकार अडानी ग्रुप के साथ सौदे रद्द होने के बाद अब वैकल्पिक भागीदारों को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करेगी।

नैरोबी के जोमो केन्याटा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को देश के सबसे व्यस्ततम एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है। इसके विस्तार और सुधार के लिए अडानी ग्रुप के साथ 1.85 बिलियन डॉलर का समझौता किया गया था। इस समझौते से भारतीय कंपनी को अगले 30 वर्षों तक यह हवाई अड्डा एक तरह से पट्टे पर मिल जाएगा। कर्मचारी संगठन इस समझौते के खिलाफ हैं। सितंबर में वह इसके खिलाफ हड़ताल पर चले गए थे।
 
केन्याई सरकार ने सरकारी स्वामित्व वाली KETRACO से जुड़ी बिजली परियोजना के लिए 736 मिलियन डॉलर की डील को भी रद्द कर दिया है। इसके तहत अडानी ग्रुप को पूर्वी अफ्रीकी देश को ट्रांसमिशन लाइनें बिछाने और उन्हें ऑपरेट करने का अधिकार दिया जाना था। 
 

Comments

Related