ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

पिता को सौंपने से पहले तलाकशुदा महिला पर 11 साल के बेटे की हत्या का आरोप

कस्टडी विजिट के दौरान बेटा तीन दिन तक अपनी मां के साथ डिज्नीलैंड घूमने गया था। आरोप है कि जिस दिन उन्हें बेटे को वापस करना था, उसी दिन उन्होंने कथित तौर पर उसकी जान ले ली। 20 मार्च को तलाकशुदा महिला को गिरफ्तार किया गया है।

भारतीय मूल की 48 साल की सरिथा रामराजू पर अपने 11 साल के बेटे की हत्या का आरोप है। / Santa Ana Police Department

भारतीय मूल की 48 साल की एक महिला सरिथा रामराजू पर अपने 11 साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि महिला ने सांता ऐना के एक मोटल के कमरे में अपने बेटे का गला रेत दिया। यह वारदात उससे कुछ ही घंटे पहले हुई जब उन्हें अपने बेटे को उनके पिता के पास वापस करना था। कस्टडी विजिट के दौरान बेटा तीन दिन तक अपनी मां के साथ डिज्नीलैंड घूमने गया था।

19 मार्च की सुबह रामराजू ने 911 पर कॉल करके बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मार डाला है और जहरीला पदार्थ खाकर खुद को मारने की कोशिश की है। जब सांता ऐना पुलिस होटल टेरेस पर ला क्विंटा इन पहुंची, तो उन्होंने मोटल के बिस्तर पर लड़के का बेजान शरीर पाया। चारों तरफ डिज्नीलैंड के खिलौने और यादगार चीजें बिखरी हुई थीं। पुलिस का मानना है कि कॉल करने से कई घंटे पहले ही बच्चे की मौत हो गई थी। 

2018 में अपने पति से तलाक के बाद सरिथा कैलिफोर्निया से चली गई थीं। कोर्ट के ऑर्डर से हुई कस्टडी विजिट के लिए वह वापस आई थीं। उन्होंने डिज्नीलैंड का तीन दिन का टिकट खरीदा और अपने बेटे के साथ मोटल में रुकी थीं। आरोप है कि जिस दिन उन्हें बेटे को वापस करना था, उसी दिन उन्होंने कथित तौर पर उसकी जान ले ली। 

20 मार्च को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद महिला को मर्डर के शक में गिरफ्तार कर लिया गया है। ऑरेंज काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के दफ्तर ने महिला पर मर्डर के अलावा हथियार के इस्तेमाल के लिए एक और एक्स्ट्रा चार्ज लगाया है। अगर वह दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें 26 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।

 

 

Comments

Related