ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारत के दिग्गज फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, देश भर में शोक की लहर

भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी महान अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र / X Image

भारत में हिंदी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का आज निधन हो गया। धर्मेंद्र के निधन को हिंदी फिल्म जगत में एक युग का अंत माना जा रहा है। बॉलीवुड के साथ ही देश भर में शोक की लहर है। लोग अपने प्रिय अभिनेता को नम आंखों से अंतिम विदाई दे रहे हैं। भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी महान अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। 

लोकप्रिय हिंदी फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र उम्र के चलते कुछ अस्वस्थ चल रहे थे और कुछ दिन पहले ही उनके निधन की अफवाह मीडिया में वायरल हो गई थी। लेकिन वे अस्पताल से स्वस्थ होकर लौटे। तभी से देश भर में और फिल्मी संसार में उनके स्वस्थ होने की कामना की जा रही थी। लेकिन सोमवार को उनका निधन हो गया। धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा में फिल्म, राजनीति, खेल और कारोबार जगत के कई ख्यात लोग शामिल हुए।

धर्मेंद्र के मित्र और यादगार फिल्म शोले में उनके साथी कलाकार के साथ ही हिंदी फिल्मों की महान हस्ती अमिताभ बच्चन दुख की इस घड़ी मे शोकाकुल परिजनों के साथ दिखाई दिए। शाहरुख खान, सलमान खान सहित तमाम फिल्मी हस्तियां धर्मेंद्र के निधन पर शोकाकुल रहीं। उनके साथ काम कर चुकी अभिनेत्रियों में सायरा बानो और शबाना आजमी ने भी अपनी श्रद्धांजलि पेश की है।   

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताय दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X अकाउंट पर अपने शोक संदेश में लिखा कि मशहूर एक्टर और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।



प्रधानमंत्री मोदी की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने अभिनेता धर्मेंद को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनालिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे, जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं।



दिग्गज कलाकार धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं। उनकी पत्नी हेमा मालिनी भी भारतीय फिल्मों की महान कलाकार, वर्तमान में सांसद और ख्यात नृत्यांगना हैं। उनके बड़े पुत्र सनी देओल हिंदी फिल्मों के बड़े अभिनेता हैं और सांसद रह चुके हैं। धर्मेंद्र के परिवार में उनके बेटे-बेटियों के अलावा पोते भी अभिनय जगत में चमक रहे हैं।  
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?