ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

व्हाइट हाउस ने अमेरिका-भारत संबंधों को दुनिया में सबसे अहम बताया, जताई प्रतिबद्धता

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने दोनों देशों के संबंधों को सबसे अहम करार दिया और बाइडेन सरकार कार्यकाल के बाकी छह महीनों में प्रशासन की प्राथमिकताओं का जिक्र करते करते हुए द्विपक्षीय संबंधों के महत्व पर टिप्पणी की।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे। / Photo Credit- Facebook/The White House

व्हाइट हाउस ने अमेरिका और भारत के संबंधों की एक बार फिर तारीफ करते हुए इसे और मजबूत बनाने की राष्ट्रपति जो बाइडन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है। इस बीच, अमेरिका में भारत के नए राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अपना कार्यभार संभाल लिया है।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों देशों के संबंधों को सबसे अहम करार दिया। उन्होंने बाइडेन सरकार कार्यकाल के बाकी छह महीनों में प्रशासन की प्राथमिकताओं का जिक्र करते करते हुए द्विपक्षीय संबंधों के महत्व पर टिप्पणी की।

जीन-पियरे ने भारत का जिक्र करते हुए कहा कि हम अपनी महत्वपूर्ण और गंभीर साझेदारी के विस्तार के लिए तत्पर हैं। हम यह सुनिश्चित करते रहेंगे कि इससे अमेरिकी लोगों का किस तरह फायदा हो। उन्होंने समृद्ध व सुरक्षित इंडो-पैसिफिक और वैश्विक वातावरण बनाने के प्रशासन के प्रयासों पर कहा कि जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, हमारा ध्यान इसी पर रहेगा।

जीन-पियरे ने अमेरिका-भारत संबंधों पर राष्ट्रपति के दृष्टिकोण को रेखांकित करते इसे 'दुनिया में सबसे अहम परिणामोन्मुखी संबंधों में से एक' करार दिया। उन्होंने कहा कि हम अपनी सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं पर भारत के साथ मिलकर काम करते हैं, जिसमें क्वाड के अलावा महत्वपूर्ण व उभरती प्रौद्योगिकियों पर यूएस-इंडिया पहल भी शामिल हैं।

अमेरिका में भारत के नए राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के पहुंचने के साथ ही आने वाले महीनों में भारत और अमेरिका के बीच उच्च-स्तरीय राजनयिक कार्यक्रमों के आयोजन की संभावना है।  दोनों देशों के कैबिनेट स्तर की वार्ता भी हो सकती है। 

गौरतलब है कि अमेरिका और भारत के संबंधों में पिछले कुछ वर्षों में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। पिछले साल जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाशिंगटन की राजकीय यात्रा की थी। उसके बाद सितंबर में भारत में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति बाइडेन ने भागीदारी की थी। यह दोनों देशों के बीच गहराते संबंधों को दिखाता है।
 

Comments

Related