ADVERTISEMENT

अमृतसर एयरपोर्ट ने ट्रैफिक के मामले में भरी सबसे ऊंची 'उड़ान', 35.9% बढ़त

आंकड़ों पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए गुमटाला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यातायात में वृद्धि महत्वपूर्ण है लेकिन घरेलू यातायात में बढ़ोतरी को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि अब अधिकाधिक पंजाबी दिल्ली के बजाय अमृतसर से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विकल्प चुन रहे हैं।

ये आंकड़े भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण ने हाल ही में जारी किये हैं। / Image : FlyAmritsar Initiative

अमृतसर स्थित पंजाब के सबसे बड़े और व्यस्त श्री गुरु राम दास जी (SGRDJ) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने फरवरी 2024 में देश के अन्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से बेहतर प्रदर्शन किया है। SGRDJ एयरपोर्ट से फरवरी 2023 की तुलना में अंतरराष्ट्रीय यात्री यातायात में इस वर्ष इसी माह 35.9% की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके बाद नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में 9,207 यात्रियों के साथ उच्चतम 38.4 % वृद्धि दर्ज की गई।

भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण द्वारा हाल ही में जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए फ्लाईअमृतसर इनिशिएटिव के वैश्विक संयोजक और अमृतसर विकास मंच के ओवरसीज सचिव समीप सिंह गुमटाला ने कहा कि इस साल फरवरी में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कुल संख्या 94,625 तक पहुंच गई। जबकि फरवरी 2023 में यह संख्या 69,634 थी। यह आंकड़ा फरवरी में अब तक का सबसे बड़ा और हवाईअड्डे के इतिहास में तीसरा सबसे ऊंचा है। दिसंबर 2023 में 1,06,813 यात्रियों के साथ अब तक की सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय यात्री संख्या दर्ज की गई, जो जनवरी 2024 में 96,924 के साथ दूसरी सबसे अधिक थी।
 

समीप सिंह गुमटाला, वैश्विक संयोजक फ्लाईअमृतसर इनिशिएटिव। / Image : FlyAmritsar Initiative

गुमटाला अंतरराष्ट्रीय यातायात में वृद्धि का श्रेय अप्रैल 2023 के बाद कुआलालंपुर, मिलान, रोम, लंदन और बर्मिंघम सहित हवाई अड्डे से नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शामिल करने को देते हैं। इसके कारण अंतरराष्ट्रीय विमानों की आवाजाही पहले दर्ज की गई (फरवरी 2023 में) 402 से बढ़कर 474 हो गई। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि अब अधिकाधिक पंजाबी दिल्ली के बजाय अमृतसर से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विकल्प चुन रहे हैं।

आंकड़ों पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए गुमटाला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यातायात में वृद्धि महत्वपूर्ण है लेकिन घरेलू यातायात में बढ़ोतरी को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। फरवरी 2023 में 1,68,076 यात्रियों की तुलना में घरेलू यात्रियों की संख्या भी 13.6% बढ़कर 1,90,866 के अपने तीसरे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

SGRDJ हवाई अड्डा वर्तमान में लंदन, बर्मिंघम, दोहा, दुबई, शारजाह, मिलान, रोम, सिंगापुर, कुआलालंपुर के लिए 9 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ ही दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, श्रीनगर, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, शिमला, कुल्लू, पुणे और कोलकाता सहित 11 घरेलू ठिकानों के लिए सीधी उड़ानों से जुड़ा है। 
 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

 

 

 

E Paper

 

ADVERTISEMENT

Related