ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

पेनसिल्वेनिया हाउस कमेटी ने मंजूर किया अरविंद वेंकट का ऊर्जा विधेयक

वेंकट द्वारा प्रस्तुत द्विदलीय सदन विधेयक 2076 को 15-11 मतों से मंजूरी मिल गई।

 अरविंद वेंकट अरविंद वेंकट / Wikimedia commons

पेनसिल्वेनिया की हाउस एनर्जी कमेटी ने पेनसिल्वेनिया राज्य के प्रतिनिधि अरविंद वेंकट के भूतापीय ऊर्जा विधेयक को द्विदलीय समर्थन से पारित कर दिया है। वेंकट ने इससे पहले भूतापीय विकास के लिए एक नियामक ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से एक विधेयक पेश किया था, जिसमें परमिट संबंधी नियम और राज्य भर में छोड़े गए तेल और गैस कुओं के पुन: उपयोग से संबंधित प्रावधान शामिल थे।

वेंकट के हाउस बिल 2076, जिसे उन्होंने रिपब्लिकन प्रतिनिधि क्रेग विलियम्स के साथ मिलकर प्रायोजित किया था, को 15-11 के मतों से द्विदलीय स्वीकृति प्राप्त हुई। समिति की सुनवाई में वेंकट ने अपने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि हम सभी इस बात से सहमत हैं कि पेंसिल्वेनिया में हमें अधिक ऊर्जा उत्पादन की आवश्यकता है। भूतापीय ऊर्जा हमारे ग्रिड में स्वच्छ, आधारभूत ऊर्जा जोड़ने का एक नया और महत्वपूर्ण तरीका है।

यह भी पढ़ें: वेंकट की पेनसिल्वेनिया उम्मीदवारी हो सकती है निर्विरोध, अकारी अयोग्य

समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि समिति अध्यक्ष एलिजाबेथ फीडलर और सदन की ऊर्जा समिति के द्विदलीय सदस्यों को एच.बी. 2076 को मंजूरी देने के लिए धन्यवाद। यह विधेयक प्रतिनिधि विलियम्स के साथ मिलकर मेरे द्वारा प्रस्तुत किया गया था और हमारे राज्य में भूतापीय ऊर्जा के विकास के लिए एक ढांचा प्रदान करता है।

ब्लू-ग्रीन कॉकस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधेयक के बारे में बात करते हुए वेंकट ने कहा कि सभी संकेतों से स्पष्ट है कि अगली पीढ़ी की भूतापीय प्रौद्योगिकियों के साथ, हम पेंसिल्वेनिया की ताप और शीतलन आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं, साथ ही पेंसिल्वेनिया की भूविज्ञान से ही बिजली के नए स्रोत विकसित कर सकते हैं, जो स्वच्छ, निरंतर चालू रहने वाला और आधारभूत ऊर्जा स्रोत है।

विधेयक भूतापीय संसाधन उत्पादन के लिए एक नियामक ढांचा स्थापित करता है, जो लाखों घरों और व्यवसायों को स्थानीय स्तर पर उत्पादित, असीमित नवीकरणीय ऊर्जा प्रदान कर सकता है। अपने विधेयक के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए वेंकट ने कहाकि हाउस बिल 2076 तीन सरल लक्ष्य हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

विधेयक का पहला लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में भूतापीय ऊर्जा से संबंधित संपत्ति अधिकारों को मान्यता दी जाए। इसके अतिरिक्त, यह परित्यक्त तेल और गैस कुओं का पुन: उपयोग” करने का भी प्रयास करता है, जिनका उपयोग भूतापीय प्रौद्योगिकियों के माध्यम से ऊर्जा विकसित करने और उत्पादन करने के लिए किया जा सकता है।

अंत में, वेंकट भूतापीय ऊर्जा के विकास के लिए एक जिम्मेदार और पूर्वानुमानित नियामक ढांचा चाहते हैं।

उन्होंने यह कहते हुए अपनी बात समाप्त की कि श्रमिकों और भवन निर्माण व्यवसायों तथा हमारे संघ के भाइयों और बहनों के साथ-साथ पर्यावरण समूहों के बीच यह साझेदारी हमारे राज्य में हम सभी के लिए आगे बढ़ने का मार्ग है।

अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड

 

Comments

Related