ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अमेरिका की पहल पर अवैध प्रवासियों का 'देशनिकाला' शुरू, भारतीयों का भी नंबर आएगा

पनामा के प्रवासन प्रमुख रोजर मोजिका ने बताया कि कोलंबिया के अलावा इक्वाडोर और भारत सहित अन्य देशों के प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

 पनामा से निर्वासित प्रवासियों की पहली उड़ान मंगलवार को रवाना हुई।  पनामा से निर्वासित प्रवासियों की पहली उड़ान मंगलवार को रवाना हुई। / REUTERS/Aris Martinez

कोलंबिया और पनामा के रास्ते घने जंगल को पार करके अवैध रूप से अमेरिका की सीमाओं पर दस्तक देने वाले प्रवासियों के खिलाफ अमेरिका का पहल पर कार्रवाई शुरू हो गई है। पनामा से निर्वासित प्रवासियों की पहली उड़ान मंगलवार को रवाना हुई। यह अमेरिका में अवैध अप्रवासियों की आमद घटाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। 

पनामा से निर्वासित प्रवासियों की ये पहली उड़ान अमेरिका में होने वाले चुनाव से ठीक तीन महीने पहले शुरू हुई है। इसे माइग्रेशन की समस्या से निपटने की दिशा में अहम माना जा रहा है, जो अमेरिकी चुनाव का महत्वपूर्ण मुद्दा बन चुका है। डेमोक्रेट कमला हैरिस और रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रम्प दोनों ही इस मुद्दे को लेकर एकदूसरे पर निशाना साध रहे हैं। 

पनामा सिटी से रवाना हुई इस पहली उड़ान में 29 कोलंबियाई नागरिक थे। इन सभी का अपने देश में क्रिमिनल रिकॉर्ड है। इन्हें कोलंबिया को पनामा से जोड़ने वाले डेरियन गैप के घने जंगल को पार करते समय गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि पिछले साल करीब आधा मिलियन लोगों ने डेरियन गैप जंगल पार किया था, जो कि अब तक का रिकॉर्ड है। 

निर्वासितों की उड़ानों में आने वाले समय में और भी इजाफा होगा। ये जुलाई में अमेरिकी अधिकारियों और पनामा के नए राष्ट्रपति जोस मुलिनो के बीच हुए सौदे के तहत शुरू की गई हैं। मुलिनो पनामा की अवैध प्रवासियों के ट्रांजिट पॉइंट की छवि को खत्म करने के इरादे से यह समझौता किया है। 

पनामा के प्रवासन प्रमुख रोजर मोजिका ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कोलंबिया के अलावा इक्वाडोर और भारत सहित अन्य देशों के प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने माना कि वेनेजुएला के लोगों को निर्वासित करना काफी मुश्किल होगा क्योंकि पिछले महीने राष्ट्रपति चुनाव में आरोप लगने के बाद पनामा ने वेनेजुएला के साथ अपने राजनयिक संबंध तोड़ लिए हैं। 

यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के अधिकारी मार्लेन पिनेइरो ने कहा कि इन निर्वासन उड़ानों का उद्देश्य साफ है। डेरियन अब अवैध प्रवासियों के लिए आसान रास्ता नहीं रहेगा। जो लोग अमेरिका आना चाहते हैं, उन्हें कानूनी तरीकों का ही इस्तेमाल करना होगा। 

अमेरिकी अधिकारियों ने इन उड़ानों के लिए 6 मिलियन डॉल के बजट का खुलासा किया था। वे पनामा के लोगों को प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये निर्वासन पनामा के कानूनों के अनुसार ही लागू किया जा रहा है।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?