ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

न्यूयॉर्क के युवाओं के लिए मेयर ममदानी ने लॉन्च किया नया समर प्रोग्राम पोर्टल

यह वेबसाइट लोगों को उम्र, जिप कोड, रुचियों और यात्रा दूरी के आधार पर गतिविधियां खोजने की सुविधा देती है। पोर्टल पर पेंटिंग क्लास, बास्केटबॉल लीग, फुटबॉल प्रोग्राम और अन्य अतिरिक्त गतिविधियों की जानकारी दी गई है।

 समर इन NYC समर इन NYC / nyc.gov

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने 27 मई को समर इन न्यूयॉर्क सिटी नाम की एक इंटरैक्टिव वेबसाइट लॉन्च की जिसका उद्देश्य गर्मी की छुट्टियों से पहले बच्चों और किशोरों को शहरभर में चल रहे मुफ्त और कम लागत वाले समर प्रोग्राम्स से जोड़ना है।

यह वेबसाइट लोगों को उम्र, जिप कोड, रुचियों और यात्रा दूरी के आधार पर गतिविधियां खोजने की सुविधा देती है। पोर्टल पर पेंटिंग क्लास, बास्केटबॉल लीग, फुटबॉल प्रोग्राम और अन्य अतिरिक्त गतिविधियों की जानकारी दी गई है। वेबसाइट में मुफ्त समर मील्स और फीफा वर्ल्ड कप से जुड़े शहरभर के वॉच पार्टी और सेलिब्रेशन की जानकारी भी शामिल है।

यह पहल ममदानी प्रशासन की व्यापक समर सेफ्टी योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को संरचित गतिविधियों और सामुदायिक कार्यक्रमों के जरिए व्यस्त और सुरक्षित रखना है। ममदानी ने कहा कि अक्सर हम युवाओं को सिर्फ यह बताते हैं कि उन्हें क्या नहीं करना चाहिए, लेकिन यह नहीं बताते कि उन्हें क्या करना चाहिए। यह वेबसाइट बच्चों और किशोरों को ऐसे कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए है जिनमें उनकी वास्तव में रुचि हो। चाहे वह बास्केटबॉल हो, फोटोग्राफी, संगीत या कला और परिवारों के लिए घर के पास अवसर ढूंढना आसान बनाना इसका उद्देश्य है।

उन्होंने आगे कहा कि गर्मी का मौसम तेजी से करीब आ रहा है और हम हर संभव साधन का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि न्यूयॉर्क के युवा सुरक्षित रहें, उन्हें भाषण देने के बजाय सुना जाए और वे समुदाय के बीच जुड़े रहें।

इस पहल से पहले ममदानी ने एक वीडियो बातचीत भी जारी की थी, जिसमें स्टेटन आइलैंड स्थित संगठन ट्रू 2 लाइफ के सदस्य शामिल थे। यह संगठन शहर की क्राइसिस मैनेजमेंट प्रणाली का हिस्सा है और हिंसा रोकने के लिए मार्गदर्शन और हस्तक्षेप का काम करता है। शहर का ऑफिस ऑफ नेबरहुड सेफ्टी, युवा एवं सामुदायिक विकास विभाग और अन्य सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर एक समन्वित समर सेफ्टी प्लान भी लागू कर रहा है। इसका उद्देश्य युवा हिंसा को रोकना और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना है।

इस योजना में मध्यस्थता प्रयासों को बढ़ाना, शाम के कार्यक्रमों का विस्तार, युवा संवाद कार्यक्रम और संवेदनशील समय या बड़े आयोजनों के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए मार्गदर्शन, खेल कार्यक्रम, रोजगार अवसर और सुरक्षित सामुदायिक स्थानों तक पहुंच भी बढ़ाई जाएगी।

कम्युनिटी सेफ्टी की डिप्टी मेयर रेनीटा फ्रांस्वा ने कहा कि हमने 'समर इन NYC' इसलिए बनाया ताकि युवा सिर्फ एक क्लिक में अपनी पसंदीदा और नई गतिविधियों, अनुभवों और संबंधों तक पहुंच सकें। साथ ही उन्हें विवाद समाधान और भावनात्मक संतुलन जैसे जरूरी जीवन कौशल भी मिलें।

हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज की डिप्टी मेयर हेलेन आर्टेगा ने कहा कि यह वेबसाइट युवाओं को फिटनेस, रचनात्मकता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों तक पहुंचाने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि यह नया संसाधन उन कई कदमों में से एक है जिन्हें हम न्यूयॉर्क के बच्चों और युवाओं की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए उठा रहे हैं, ताकि वे गर्मियों का आनंद भी ले सकें।

यह पहल ऐसे समय में शुरू की गई है जब शहर प्रशासन गर्मियों के महीनों की तैयारी कर रहा है। न्यूयॉर्क में इस दौरान ऐतिहासिक रूप से गोलीबारी और युवा अपराध की घटनाएं बढ़ती रही हैं। इसी को देखते हुए शहर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी लागू कर रहा है, जिसमें देर रात और सुबह के समय 2,600 अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों की तैनाती शामिल है।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?