ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कनाडा में अप्रवासी ज्वैलर्स इतने दहशत में क्यों हैं? किस खौफ ने उड़ा दी है नींद

इस साल ग्रेटर टोरंटो एरिया के ज्वैलरी स्टोर्स में डकैतियों की संख्या में काफी बढ गई है। आंकड़े बताते हैं कि कुछ इलाकों में तो इनकी संख्या तिगुनी तक हो गई है।

कनाडा में आभूषण कारोबारियों के यहां लूटपाट की घटनाओं में इस साल काफी बढोतरी हुई है। / representative image : unsplash

कनाडा में इन दिनों सोने की लूटपाट की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। लुटेरे मास्क पहनकर आते हैं, अपनी एसयूवी सीधे स्टोर में घुसा देते हैं और लूटपाट करके फरार हो जाते हैं। अधिकतर मामलों में ये लूट हजारों डॉलर्स की होती है। 

लूटपाट की ये घटनाएं ऐसे समय बढ़ी हैं जब बाजारों में क्रिसमस और न्यू इयर की रौनक है। लोग सोने से बने गहनों की खरीदारी कर रहे हैं। कनाडा में रहने वाले दक्षिण भारतीय लोग इन दिनों शादियों के लिए गोल्ड और डायमंड की जूलरी खरीद रहे हैं। 

लुटेरे न सिर्फ ओंटारियो को बल्कि क्यूबेक सहित अन्य प्रांतों में भी स्टोर्स को निशाना बना रहे हैं। उनके शिकार लोगों में अधिकांश दक्षिण एशियाई मूल के और खासकर भारतीय मूल के जौहरी हैं। कई मामलों में तो लूटपाट का विरोध करने पर दुकानदारों को जान से हाथ धोना पड़ा और कई अस्पताल में मौत से जूझ रहे हैं। 

इस साल ग्रेटर टोरंटो एरिया (जीटीए) के ज्वैलरी स्टोर्स में डकैतियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। स्थानीय पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि कुछ इलाकों में तो लूटपाट की संख्या दोगुनी और तीन गुनी तक हो गई है।

इस साल को खत्म होने में महज एक हफ्ता बाकी है और इस साल टोरंटो के जूलरी स्टोर्स में 43 डकैतियां हो चुकी हैं। पिछले साल 2023 में इस अवधि में 21 ऐसी घटनाएं हुई थीं। 

पील एरिया में इस साल वर्ष अब तक 37 डकैतियां हो चुकी हैं जो 2023 के मुकाबले 10 अधिक हैं। यॉर्क एरिया में अब तक 13 डकैतियां हुई हैं जबकि 2023 में इनकी संख्या महज सात थी। क्यूबेक में स्थिति भी बेहतर नहीं है। 

सोने की लूटपाट की सबसे चौंकाने वाली घटना पियर्सन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई थी। 17 अप्रैल 2023 को 20 मिलियन कनाडाई डॉलर से अधिक मूल्य का सोना और विदेशी मुद्रा चुरा ली गई। यह कनाडाई इतिहास में सोने की चोरी की सबसे बड़ी घटना थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ दक्षिण एशियाई समेत नौ लोगों पर डकैती का आरोप लगाया है। 

जूलर्स लगातार सुरक्षा चिंताओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं लेकिन पुलिस पॉश शहरी इलाकों में भी इन घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हुई है। मॉन्ट्रियल में गगनजीत सिंह के आभूषण स्टोर में शनिवार शाम को हथियारबंद लोग जबरन घुस आए और छह से सात लाख डॉलर के सोने के गहने चुराकर भाग गए। जाते जाते गगनजीत को घायल भी कर गए।

गौर करने की बात ये है कि गगनजीत ने कुछ दिन पहले पुलिस से इलाके में गश्त बढाने की अपील भी की थी। घटना के बाद सिंह ने कहा कि मैंने पुलिस को आगाह किया था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। अब मेरा सब कुछ बर्बाद हो गया है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, लेकिन अभी तक डकैत पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। 

मॉन्ट्रियल इलाके में ये पहली डकैती नहीं है। 17 दिसंबर को माइल एंड में एक बुटीक में घुसकर 8,000 डॉलर का सामान चुरा लिया गया था। आसपास के आभूषण स्टोर्स में भी हाल के हफ्तों में सेंधमारी की घटनाएं हुई हैं जिससे स्थानीय कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है।

ग्रेटर टोरंटो में रविवार को सशस्त्र डकैती की एक और घटना हुई। रेक्सडेल में इस्लिंगटन एवेन्यू और एल्बियन रोड के पास संदिग्धों ने एक वाहन से इमारत में टक्कर मारी, फिर स्टोर में घुसकर लूटपाट करके भाग गए। स्टोर के मालिक को घायल कर दिया। इस इलाके को चौड़ा बाजार कहा जाता है क्योंकि यहां अप्रवासियों की काफी दुकानें हैं।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in