ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

FIFA WC 2026: विजेताओं को पहली बार मिलेगी ऐतिहासिक चैंपियनशिप रिंग

फीफा के अनुसार, यह रिंग अमेरिकी खेलों की मशहूर परंपरा से प्रेरित है और पहली बार फुटबॉल विश्व कप का हिस्सा बनेगी।

 फीफा रिंग फीफा रिंग / FIFA

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के विजेता खिलाड़ियों को इस बार एक खास सम्मान मिलेगा। विश्व कप के इतिहास में पहली बार चैंपियन बनने वाली टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ को ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के साथ-साथ चैंपियनशिप रिंग भी दी जाएगी। फीफा ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। 

फीफा के अनुसार, यह रिंग अमेरिकी खेलों की मशहूर परंपरा से प्रेरित है और पहली बार फुटबॉल विश्व कप का हिस्सा बनेगी। इसका मकसद खिलाड़ियों को उनकी ऐतिहासिक जीत की एक खास याद देना है। रिंग के एक तरफ फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी बनी होगी, जबकि दूसरी तरफ विजेता टीम के अनुसार खास डिजाइन तैयार किया जाएगा। हर रिंग पर अलग नंबर होगा, उसे खिलाड़ी के हिसाब से तैयार किया जाएगा और उसके साथ असली होने का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।

फाइनल मैच खत्म होने के तुरंत बाद विजेता टीम के कप्तान और हेड कोच को अस्थायी रिंग दी जाएगी। इसके बाद पूरी विजेता टीम के लिए 30 रिंग तैयार की जाएंगी। हर रिंग को खिलाड़ियों के अनुसार कस्टमाइज किया जाएगा और बाद में आधिकारिक रूप से उन्हें सौंपा जाएगा। फीफा ने बताया कि इस रिंग का कुल 2,026 पीस का लिमिटेड एडिशन बनाया जाएगा। इनमें से 30 रिंग विश्व चैंपियन टीम को मिलेंगी, जबकि बाकी 1,996 रिंग दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त उत्पाद के रूप में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल यूरोपियन चैंपियन स्पेन और मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के बीच खेला जाना है। स्पेन ने सेमीफाइनल में मजबूत मानी जा रही फ्रांस की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार और कुल सातवीं बार विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है। अर्जेंटीना ने रोमांच से भरे दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 2-1 से शिकस्त दी थी।

टीम ने ग्रुप चरण में लगातार तीन जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। कप्तान लियोनेल मेसी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक आठ गोल किए हैं, जबकि अपने विश्व कप करियर में उनके कुल गोलों की संख्या 21 हो गई है। फाइनल में भी अर्जेंटीना अपने कप्तान से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?