ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

घोड़ा गाड़ियों पर प्रतिबंध की मांग, क्या भावुक गुहार से बदलेगा कानून?

दरअसल यह हादसा उस वक्त हुआ था जब रोमांच अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ न्यूयॉर्क घूमने गया था

  मृतक भारतीय किशोर के माता-पिता। मृतक भारतीय किशोर के माता-पिता। / NYC city council

अमेरिका में घोड़ा-गाड़ी हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय किशोर के पिता दीपक महाजन ने भावुक अपील करते हुए न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल से शहर में घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। 

उन्होंने कहा कि उनके बेटे की मौत एक ऐसी दुर्घटना में हुई, जिसे रोका जा सकता था और भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े, इसके लिए इस व्यवस्था को समाप्त किया जाना चाहिए।

महाजन ने बुधवार (स्थानीय समय) को सिटी काउंसिल से साफ तौर पर कहा कि अभी कार्रवाई करें। उस समय एक पैनल उनके बेटे रोमांच के नाम पर प्रस्तावित कानून पर विचार कर रहा था, जिनकी पिछले महीने सेंट्रल पार्क में मौत हो गई थी। गला भर आने के बावजूद उन्होंने कहा कि अगर काउंसिल ने पिछले साल प्रस्तावित इस कानून का कोई रूप पास कर दिया होता, तो गाड़ियां 1 जून 2026 को बंद हो गई होतीं और उनका बेटा जिंदा होता।

दरअसल यह हादसा उस वक्त हुआ था जब रोमांच अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ न्यूयॉर्क घूमने गया था। इस दौरान परिवार ने सेंट्रल पार्क में पर्यटकों के बीच लोकप्रिय घोड़ा-गाड़ी (हॉर्स कैरिज) की सवारी की। इस दौरान चालक गाड़ी रोककर परिवार की तस्वीर लेने के लिए नीचे उतर गया तभी घोड़ा अचानक बेकाबू होकर दौड़ पड़ा, जिससे रोमांच की मां प्रिया महाजन गाड़ी से गिर गईं। मां को बचाने के लिए रोमांच तुरंत गाड़ी से कूद पड़ा, लेकिन उसका सिर जमीन से टकरा गया। गंभीर सिर की चोट के कारण उसकी मौत हो गई।

रोमांच के पिता दीपक महाजन ने कहा कि यह कोई अप्रत्याशित हादसा नहीं था। यह सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और पूरी व्यवस्था की विफलता थी। जो लोग हमारे शहर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थे, वे नाकाम रहे। सभी ने माना है कि चालक को किसी भी हालत में गाड़ी छोड़कर नीचे नहीं उतरना चाहिए था।

भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि मेरा बेटा सपनों से भरी आंखों के साथ अमेरिका आया था, लेकिन बहुत जल्द हमें छोड़कर चला गया। इस दौरान उनकी पत्नी प्रिया महाजन हाथ में रोमांच की तस्वीर थामे आंसू पोंछती नजर आईं।

प्रस्तावित कानून का समर्थन कर रहीं सिटी काउंसिल स्पीकर जूली मेनिन ने रोमांच को हीरो बताया। उन्होंने कहा कि रोमांच ने अपनी मां की जान बचाने की कोशिश करते हुए वीरता का परिचय दिया। अब उसके सम्मान में बनने वाला यह कानून अनगिनत लोगों- स्थानीय निवासियों, पर्यटकों, इंसानों और घोड़ों- की सुरक्षा करेगा।

सिटी हॉल के बाहर कानून के समर्थकों को संबोधित करते हुए रोमांच की बुआ सोविया ठुकराल ने कहा कि मैं यहां 'रोमांच लॉ' के समर्थन में खड़ी हूं, ताकि उसकी मौत भुलाई न जाए और उसकी याद हमेशा जीवित रहे।

उन्होंने कहा कि कई बार किसी की मौत समाज को बदलाव के लिए मजबूर करती है, ताकि किसी और परिवार को वह दर्द न झेलना पड़े जो हम आज झेल रहे हैं। कृपया रोमांच महाजन का नाम हमेशा याद रखिए।

पशु अधिकार कार्यकर्ता पिछले करीब 40 वर्षों से न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल से पर्यटकों के लिए चलाई जाने वाली घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते रहे हैं, लेकिन अब तक यह प्रयास सफल नहीं हो सका है। इस प्रतिबंध का समर्थन एमी पुरस्कार विजेता अभिनेत्री एडी फाल्को जैसी कई हस्तियां भी कर चुकी हैं।

हालांकि घोड़ा-गाड़ी चालकों की शक्तिशाली ट्रेड यूनियन के विरोध के कारण यह प्रस्ताव लंबे समय से अटका हुआ था, लेकिन इस वर्ष रोमांच की मौत के बाद इस कानून को नया समर्थन मिला है और इसके पारित होने की संभावना बढ़ गई है।

अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?