ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

शेफ विकास खन्ना अगले महीने न्यूयॉर्क में शुरू करेंगे 'बंग्लो' रेस्तरां, दिवंगत बहन को समर्पित

बंग्लो रेस्तरां विकास खन्ना की बहन राधिका को समर्पित है जिनका 28 फरवरी, 2022 को अंगों की विफलता के कारण निधन हो गया था। खन्ना ने घोषणा की है कि 23 मार्च को 'बंग्लो' रेस्तरां लॉन्च होगा।

 शेफ विकास खन्ना अपनी बहन राधिका के साथ। शेफ विकास खन्ना अपनी बहन राधिका के साथ। / Image : Instagram/vikaskhannagroup

मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना अगले महीने न्यूयॉर्क में 'बंग्लो' रेस्तरां लॉन्च करने वाले हैं। खन्ना ने यह रेस्तरां अपनी दिवंगत बहन को समर्पित किया है। खन्ना ने घोषणा की है कि 23 मार्च को 'बंग्लो' रेस्तरां लॉन्च होगा। खन्ना ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आधिकारिक तौर पर 'बंग्लो' प्रोजेक्ट का खुलासा करने से कुछ घंटे पहले कहा कि यह मेरे जीवन की अब तक की सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक है।

लॉन्चिंग की असल घोषणा से पहले खन्ना ने कहा- यह प्रोजेक्ट भारत और अमेरिका के बीच  एक सांस्कृतिक सेतु का काम करेगा। यह प्रोजेक्ट मेरे चाहने वालों के समर्थन से ही संभव हुआ है। खन्ना ने अपनी पोस्ट में संघर्षों और नाकाम परियोजनाओं का भी जिक्र किया  था। खन्ना ने लिखा था कि वह जीवन में नए अध्याय में कदम रखने वाले थे।

बहन की याद में...
विकास खन्ना की बहन राधिका का 22 फरवरी को निधन हो गया था। 'बंग्लो' राधिका के लिए ही समर्पित है। बहन के निधन के समय भावुक खन्ना ने लिखा था- मेरी सोलमेट आज मुझे छो़ड़कर चली गई है। वह ल्यूपस, एएचयूएस गुर्दे की विफलता के साथ वर्षों तक एक चैंपियन की तरह लड़ी। लेकिन आज मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण मेरा सबसे अच्छा दोस्त मेरी बाहों में ही चल बसा। राधा तुम्हें हमेशा प्यार करता हूं। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे। खन्ना ने अपने सोशल मीडिया मंच पर बहन राधिका की कई तस्वीरें साझा की हैं। इनमें से हरेक के कैप्शन में बीती हुई कोई कहानी है।

23 मार्च को इसलिए...
विकास की बहन राधिका खन्ना एक फैशन डिजाइनर और उद्यमी थीं। वह महिलाओं के फैशन ब्रांड एस्टिलो इंक की मालिक थीं। बकौल खन्ना- आज से 50 दिन बाद यानी 23 मार्च को मेरी प्यारी बहन राधिका का 50वां जन्मदिन होगा। हम उनको श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ इस पेशे से जुड़े भारत के लाखों लोगों का सम्मान करने के लिए भी उस शुभ दिन 'बंग्लो' शुरू करने वाले हैं। यह हमारी माताओं के लिए भी एक विनम्र श्रद्धांजलि है जिन्होंने हमे इस लायक बनाया। 

खन्ना न्यू यॉर्क में 'जुनून' और दुबई में 'एलोरा' और 'किनारा' रेस्तरां के भी मालिक हैं।

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related