ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कौन थे भारतीय मूल के पहले कनाडाई डॉक्टर गुरदेव गिल? हाउस ऑफ कॉमन्स में दी गई श्रद्धांजलि

भारतीय मूल के डॉ. गुरदेव गिल कनाडा में पहले दक्षिण एशियाई चिकित्सक थे। उनके निधन पर कनाडाई संसद ने उन्हें श्रद्धांजली दी।

डॉक्टर गुरदेव गिल (फाइल फोटो) / @heritagemedical

कनाडाई हाउस ऑफ कॉमन्स ने देश में दिग्गज डॉक्टर और दक्षिण एशियाई मूल के पहले डॉक्टर भारतवंशी डॉ. गुरदेव सिंह गिल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।  डॉ. गिल ग्रामीण पंजाब में आंदोलनकारी भी थे। उन्होंने भारतीय प्रवासियों के कुछ अन्य प्रतिष्ठित सदस्यों के सहयोग से एक महत्वाकांक्षी ग्राम जीवन सुधार कार्यक्रम शुरू किया था, जिसे बाद में वीआईपी कार्यक्रम के रूप में जाना जाने लगा। डॉ. गिल का इसी सप्ताह निधन हो गया।

डॉ. गिल ने वीआईपी कार्यक्रम की शुरुआत दोआब क्षेत्र में स्थित अपने पैतृक गांव खरौदी से की थी। प्रारंभिक प्रयोग के रूप में, गांव को एक अत्याधुनिक शहरी परिसर में बदल दिया गया। गांव के पौंड की सफाई की गयी। इसके स्थान पर जल शोधन संयंत्र स्थापित किया गया। गांव की सभी गलियों को कंक्रीट से पक्का किया गया। प्रत्येक घर को पाइप से जलापूर्ति और सीवर कनेक्शन से जोड़ा गया। गांव में स्कूली बच्चों के लिए एक अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की गई। उनके प्रयासों का ही फल था कि खरौदी 20 साल से भी अधिक समय पहले सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने वाला पहला गांव बना।

एपीजे अब्दुल कलाम भी कर चुके तारीफ
प्रवासी भारतीयों के एक समूह द्वारा किए गए कार्यों से प्रभावित होकर, भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने खरौदी का दौरा किया और डॉ. गुरदेव गिल और उनके प्रयासों की सराहना की थी।

डॉक्टरी पेशे से सेवानिवृत्त होने के बाद, डॉ. गिल ने वेस्टमिंस्टर-बर्नाबी के बाद चंडीगढ़ को अपना दूसरा घर बनाया। वहां शुरू किए गए विभिन्न विकास कार्यक्रमों की निगरानी के लिए वह नियमित रूप से अपने पैतृक गांव, खरौदी का भी दौरा करते थे। खरौदी में वीआईपी कार्यक्रम की सफलता के बाद, डॉ. गिल और उनकी टीम ने इस कार्यक्रम को सामान्य रूप से पंजाब के कई अन्य गांवों और विशेष रूप से दोआब क्षेत्र में विस्तारित किया।

कनाडाई सरकार ने दी श्रद्धांजलि
न्यू वेस्टमिंस्टर-बर्नाबी से एनडीपी सांसद पीटर जूलियन ने डॉ. गिल की याद में हाउस ऑफ कॉमन्स में शोक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन ऐसी क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। “मैं डॉ गुरदेव सिंह गिल के उल्लेखनीय जीवन और कार्य के लिए उनका आभारी हूं। मेरी संवेदनाएं उनकी पत्नी जसिंदर, बेटी जैस्मीन, बेटे संजय और उनके परिवारों के साथ हैं।''

1949 में कनाडा चले गए थे गिल
डॉ. गिल 1949 में कनाडा चले गये थे और कुछ ही समय बाद उन्होंने यूबीसी चिकित्सा कार्यक्रम से स्नातक पूरा किया। वह चिकित्सा क्षेत्र में प्रैक्टिस करने वाले दक्षिण एशियाई मूल के पहले कनाडाई बने और उन्हें ऑर्डर ऑफ बी.सी. से सम्मानित किया गया। पीटर जूलियन ने कहा, उन्हें अपने समुदाय के लोगों के लिए एक रोल मॉडल थे, उन्होंने बच्चों और बड़ों सभी को दिखाया कि जुनून और दृढ़ संकल्प के साथ, वे कुछ भी हासिल कर सकते हैं।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in