ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

निर्यात बढ़ाना मकसद, भारत समेत इन छह देशों का दौरा करेंगी अमेरिकी कृषि मंत्री

अमेरिका का कृषि व्यापार घाटा कम करने के लिए कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस भारत, वियतनाम, जापान, पेरू, ब्राजील और ब्रिटेन का दौरा करने जा रही हैं। इन दौरों का उद्देश्य अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार खोजना और मौजूदा बाजारों को मजबूत करना है।

 अमेरिकी कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस अमेरिकी कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस / US Department of Agriculture

अमेरिकी कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वो अगले छह महीनों में भारत सहित छह देशों का दौरा करेंगी। इसका मकसद अमेरिकी कृषि उत्पादों का बाजार और एक्सपोर्ट बढ़ाना है। रोलिंस के दौरे की सही तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं। भारत के अलावा बाकी देश वियतनाम, जापान, पेरू, ब्राजील और यूनाइटेड किंगडम हैं।

रोलिंस ने कहा, 'मैं अमेरिकी कृषि उत्पादों को बेचने और हमारे मेहनती किसानों की तरक्की सुनिश्चित करने के लिए दौरे पर जा रही हूं। हमारे उत्पादों के लिए अधिक से अधिक मार्केट ढूंढ़ने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी।' 

अमेरिका का कृषि व्यापार घाटा अभी तक लगभग 50 बिलियन डॉलर है। मीडिया रिलीज के मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन अब वैश्विक बाजारों में विविधता लाने, मौजूदा बाजारों को मजबूत करने और मौजूदा व्यापारिक साझेदारों को उनके समझौते के पालन के लिए जवाबदेह बनाने पर काम कर रहा है।

अमेरिकी कृषि विभाग हांगकांग, डोमिनिकन गणराज्य, ताइवान, कोटे डी आइवर और मेक्सिको में व्यापार मिशन भी भेजेगा। कृषि विभाग के मुताबिक, अमेरिका भारत का छठा सबसे बड़ा कृषि उत्पादों का सप्लायर है। भारत के साथ अमेरिका का 1.3 बिलियन डॉलर और ब्राजील के साथ 7 बिलियन डॉलर का व्यापार घाटा है।

ब्रिटेन अमेरिका का 14वां सबसे बड़ा कृषि निर्यात बाजार है। मीडिया रिलीज में कहा गया है कि ब्रिटेन को निर्यात करते समय अमेरिकी उत्पादकों को बहुत अधिक टैरिफ और कम टैरिफ दर कोटा का सामना करना पड़ता है। जापान कई प्रमुख अमेरिकी वस्तुओं जैसे मक्का, बीफ, पोर्क, गेहूं, चावल और सोयाबीन के लिए शीर्ष पांच बाजारों में से एक है। हालांकि, मीडिया रिलीज के अनुसार, अमेरिका को इनमें से कई बाजारों में दूसरे देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। 

वियतनाम अमेरिका का दसवां सबसे बड़ा कृषि निर्यात बाजार है। कृषि विभाग ने कहा कि अमेरिका का वियतनाम के साथ कोई व्यापार समझौता नहीं है। चीन जैसे प्रमुख प्रतिस्पर्धी देशों के साथ समझौते हैं। पेरू दक्षिण अमेरिका में कृषि निर्यात के लिए अमेरिका का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। अमेरिका पेरू का दूसरा सबसे बड़ा कृषि आपूर्तिकर्ता बना हुआ है।

इसमें कहा गया है कि पेरू को अमेरिकी कृषि निर्यात के प्रमुख संभावित क्षेत्रों में इथेनॉल, डेयरी उत्पाद, मांस, नट्स और दालें शामिल हैं।

 

 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?