ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

वर्जीनिया में पंजाबी स्टोर मालिक पर फेंका फायर बम, जान बची

न्यू इंडिया अब्रॉड को मिली जानकारी के अनुसार इस हमले में एक से अधिक फायर बमों का उपयोग किया गया है। मगर इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी।

सांकेतिक तस्वीर / AI

वर्जीनिया की फेयरफैक्स काउंटी के फॉल्स चर्च क्षेत्र में स्थानीय चैक कैशिंग स्टोर के मालिक कुलविंदर सिंह फ्लोरा पर फायर बम से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में उनके स्टोर को भारी नुकसान पहुंचा। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। 

हमलावर ने फायर बम का इस्तेमाल करते हुए सिंह पर हमला किया, लेकिन सिंह ने बहादुरी से उसका सामना किया। जब हमलावर ने बम फेंका तो चैक कैशिंग और वेस्टर्न यूनियन के मालिक कुलविंदर सिंह फ्लोरा ने सतर्कता दिखाते हुए बम को अपने पैरों से लात मार दी। इससे वह बम हमलावर की ही ओर गिरा और वह घायल हालत में मौके से भाग गया।

घटना के बाद कुलविंदर सिंह फ्लोरा ने तुरंत पुलिस को फोन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। कुछ समय बाद ही हेलिकॉप्टर की मदद से हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान क्रिस्टोफर टेरल के रूप में हुई है। उससे पूछताछ जारी है।

न्यू इंडिया अब्रॉड को मिली जानकारी के अनुसार, इस हमले में एक से अधिक फायर बमों का उपयोग किया गया है। मगर इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। स्टोर मालिक इस हमले में सुरक्षित हैं लेकिन पुलिस इस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
 

Comments

Related