ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

टेक्सास सीनेट ने होली को दी आधिकारिक मान्यता, ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित

प्रस्ताव पारित होने के साथ ही टेक्सास राज्य होली को आधिकारिक रूप से मान्यता देने वाला तीसरा अमेरिकी राज्य बन गया है।

यह प्रस्ताव सीनेटर सारा एकहार्ड्ट की तरफ से पेश किया गया था। / Photo Courtesy #X

टेक्सास स्टेट सीनेट ने पहली बार होली को आधिकारिक रूप से मान्यता देते हुए ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया। यह प्रस्ताव सीनेटर सारा एकहार्ड्ट की तरफ से 12 मार्च को पेश किया गया था, जो 14 मार्च को होली से दो दिन पहले पारित हुआ।  

प्रस्ताव में होली के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व को स्वीकार करते हुए टेक्सास में रहने वाले हिंदू समुदाय और अन्य लोगों को शुभकामनाएं दी गईं। होली को रंगों का त्योहार बताते हुए सीनेट ने इसे बसंत ऋतु के आगमन, आनंद, सद्भावना, नवजीवन का प्रतीक करार दिया। 

ये भी देखें - लोकगीतों के माध्यम से होली!

प्रस्ताव में कहा गया कि होली का त्योहार हजारों साल से मनाया जाता रहा है। दुनिया भर के लोग इसे प्रेम, नवजीवन और प्रगति के प्रतीक के रूप में मनाते हैं।

टेक्सास सीनेट ने इस त्योहार को राज्य की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाने वाला पर्व बताया और कहा कि होली का उत्सव हमारे समाज में समावेशिता और साझा मूल्यों को दर्शाता है जो सामुदायिक एकता को मजबूती प्रदान करता है।  

यह प्रस्ताव पारित होने के साथ ही टेक्सास राज्य होली को आधिकारिक रूप से मान्यता देने वाला तीसरा अमेरिकी राज्य बन गया है। इससे पहले   जॉर्जिया और न्यूयॉर्क ऐसा प्रस्ताव पारित कर चुके हैं। 

इस प्रस्ताव को पारित कराने में हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने सीनेटर एकहार्ड्ट के ऑफिस के साथ मिलकर काम किया। फाउंडेशन ने प्रस्ताव को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सोशल मीडिया पर बधाई दी। 
 

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in