ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कैलिफोर्निया के कोर्डोवा हाई स्कूल के छात्रों ने बनाए AI एजेंट, सुविधा इंटरनेशनल फाउंडेशन की पहल

पहला प्रोजेक्ट रैंचो कोर्डोवा शहर के लिए एक कस्टमर सर्विस AI एजेंट था, जो नागरिकों और व्यवसायों को शहर की सेवाओं, परमिट, बिलिंग, कचरा प्रबंधन और विभागीय संपर्कों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराता है।

कोर्डोवा हाई स्कूल के छात्र / Suvidha International Foundation

कैलिफोर्निया स्थित गैर-लाभकारी संस्था सुविधा इंटरनेशनल फाउंडेशन ने रैंचो कोर्डोवा के कोर्डोवा हाई स्कूल में आफ्टर-स्कूल इंडस्ट्रियल AI एजेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सितंबर 2025 में शुरू हुआ और 30 जनवरी 2026 को संपन्न हुआ। इसे सिटी ऑफ रैंचो कोर्डोवा की कम्युनिटी एन्हांसमेंट एंड इन्वेस्टमेंट फंड्स से समर्थन मिला।

इस कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के 32 छात्रों ने भाग लिया। खास बात यह रही कि छात्रों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कोई पूर्व अनुभव जरूरी नहीं था। पाठ्यक्रम की शुरुआत AI की बुनियादी अवधारणाओं से की गई और बाद में पायथन प्रोग्रामिंग, मशीन लर्निंग और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग सहित व्यावहारिक AI एजेंट डेवलपमेंट सिखाया गया।

छात्रों ने टीमों में काम करते हुए समुदाय के उपयोग के लिए दो AI एप्लिकेशन विकसित किए। पहला प्रोजेक्ट रैंचो कोर्डोवा शहर के लिए एक कस्टमर सर्विस AI एजेंट था, जो नागरिकों और व्यवसायों को शहर की सेवाओं, परमिट, बिलिंग, कचरा प्रबंधन और विभागीय संपर्कों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराता है। यह टूल खास तौर पर दफ्तर समय के बाहर भी जानकारी देने के लिए डिजाइन किया गया।

यह भी पढ़ें- खास बातचीत: स्पोर्ट्स में ‘ओल्ड बॉयज क्लब’ व्यवस्था को बदलने वाली पारुल खोसला

दूसरा प्रोजेक्ट सैक्रामेंटो म्युनिसिपल यूटिलिटी डिस्ट्रिक्ट (SMUD) के सहयोग से विकसित एक एनर्जी एफिशिएंसी AI एजेंट था। यह टूल घरों, किरायेदारों और छोटे व्यवसायों को ऊर्जा उपयोग, यूटिलिटी योजनाओं और बिजली बिल कम करने के तरीकों पर मार्गदर्शन प्रदान करता है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत और समन्वय सुविधा इंटरनेशनल फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष भास्कर वेंपाटी ने किया। AI विशेषज्ञ जोथि पेरियासामी ने उद्योग और गैर-लाभकारी संगठनों की टीमों के साथ मिलकर छात्रों को तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।

छात्रों के प्रोजेक्ट्स का सार्वजनिक प्रदर्शन 9 जनवरी 2026 को हुआ, जबकि अंतिम शोकेस 30 जनवरी 2026 को कोर्डोवा हाई स्कूल में आयोजित किया गया। इस मौके पर स्थानीय निर्वाचित प्रतिनिधि, स्कूल डिस्ट्रिक्ट के अधिकारी, SMUD के प्रतिनिधि, अभिभावक और समुदाय के सदस्य मौजूद रहे।

SMUD ने एनर्जी एफिशिएंसी प्रोजेक्ट टीम को बेस्ट इन एनर्जी अवॉर्ड से सम्मानित किया। कार्यक्रम में शामिल सभी छात्रों को ट्रॉफी प्रदान की गई।

सुविधा इंटरनेशनल फाउंडेशन ने बताया कि वह 2026 में कोर्डोवा हाई स्कूल में दो और AI कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहा है।

न्यू इंडिया अब्रॉड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें।

Comments

Related