ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मिलानो 2026 में पदक जीतने वाले कनाडाई खिलाड़ियों को मालवीय फाउंडेशन देगा नकद पुरस्कार

योजना के तहत पदक जीतने वाले प्रत्येक कनाडाई ओलंपियन और पैरालंपियन को 5,000 कनाडाई डॉलर की नकद राशि दी जाएगी। टीम कनाडा पोडियम अवॉर्ड्स की शुरुआत मालवीय फाउंडेशन ने 2021 में की थी।

 मिलानो में पदक विजेता मिलानो में पदक विजेता / olympic.ca

मिलानो कॉर्टिना 2026 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले सभी कनाडाई खिलाड़ियों को मालवीय फाउंडेशन की ओर से कुल 6.2 लाख कनाडाई डॉलर की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस पहल का लाभ कुल 105 एथलीटों को मिलने की उम्मीद है। मालवीय फाउंडेशन की स्थापना कनाडा में बसे भारतीय मूल के एक परिवार ने की थी।

योजना के तहत पदक जीतने वाले प्रत्येक कनाडाई ओलंपियन और पैरालंपियन को 5,000 कनाडाई डॉलर की नकद राशि दी जाएगी। टीम कनाडा पोडियम अवॉर्ड्स की शुरुआत मालवीय फाउंडेशन ने 2021 में की थी। उस समय फाउंडेशन ने कनाडियन ओलंपिक फाउंडेशन और पैरालंपिक फाउंडेशन ऑफ कनाडा को 12.25 लाख डॉलर का दान दिया था, ताकि टोक्यो 2020 और बीजिंग 2022 ओलंपिक एवं पैरालंपिक खेलों के पदक विजेताओं को सम्मानित किया जा सके।

इसके बाद फाउंडेशन ने पेरिस 2024 और मिलानो कॉर्टिना 2026 खेलों के लिए कनाडाई खिलाड़ियों के समर्थन हेतु 12.9 लाख डॉलर से अधिक की अतिरिक्त सहायता देने की भी प्रतिबद्धता जताई।

मालवीय फाउंडेशन के संजय मालवीय ने कहा कि जब मैं टीम कनाडा को देखता हूं, तो हर प्रदर्शन के पीछे वर्षों की मेहनत, संघर्ष और त्याग दिखाई देता है। इन शानदार ओलंपिक और पैरालंपिक खिलाड़ियों का समर्थन करना, खासकर जब वे पोडियम तक पहुंचते हैं, मेरे लिए बेहद भावनात्मक और गर्व की बात है। कनाडाई खिलाड़ी हम सभी को प्रेरित करते हैं और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाना मेरे लिए सम्मान की बात है।

टीम कनाडा पोडियम अवॉर्ड्स के अलावा, पदक विजेता खिलाड़ियों को कनाडियन ओलंपिक कमेटी के एथलीट एक्सीलेंस फंड और पैरालंपिक फाउंडेशन ऑफ कनाडा के पैरालंपिक परफॉर्मेंस रिकग्निशन प्रोग्राम के माध्यम से भी आर्थिक सहायता मिलती है।

जनवरी 2024 में मालवीय फाउंडेशन ने पैरालंपिक खिलाड़ियों के समर्थन के लिए 40 लाख डॉलर का योगदान भी दिया था, जिससे इस कार्यक्रम को मजबूती मिली।

कनाडियन ओलंपिक फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कनाडियन ओलंपिक कमेटी की मुख्य ब्रांड एवं वाणिज्यिक अधिकारी जैकी रयान ने कहा कि मालवीय फाउंडेशन के निरंतर नेतृत्व और उदार सहयोग के लिए हम आभारी हैं। टीम कनाडा पोडियम अवॉर्ड्स उन खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं जिनके प्रदर्शन ने पूरे देश को प्रेरित और एकजुट किया। हमें उम्मीद है कि यह पहल भविष्य में भी कनाडाई लोगों को टीम कनाडा का समर्थन करने के लिए प्रेरित करेगी।

पैरालंपिक फाउंडेशन ऑफ कनाडा के कार्यकारी निदेशक स्कॉट सैंडिसन ने कहा कि मालवीय फाउंडेशन के निरंतर सहयोग ने पैरालंपिक खिलाड़ियों के लिए अवसरों का विस्तार करने और समानता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह सहयोग खिलाड़ियों को सर्वोच्च स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के मार्ग को मजबूत करता है। हम फाउंडेशन के नेतृत्व और उसकी उदारता के स्थायी प्रभाव के लिए बेहद आभारी हैं।
 

Comments

Related