ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

रो खन्ना ने भारतवंशी पहचान को लेकर निकी हेली पर साधा निशाना

सांसद रो खन्ना ने निकी हेली पर अपनी सिख विरासत और भारतीय अमेरिकी पहचान के बारे में खुलकर बात न करने के लिए भी वार किए।

सांसद रो खन्ना कोलंबिया में एक कार्यक्रम में निकी हेली पर जमकर बरसे। / साभार सोशल मीडिया

अमेरिका में आगामी राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन के लिए प्रचार कर रहे सांसद रो खन्ना ने संभावित प्रतिद्वंदी रिपब्लिकन उम्मीदवार निकी हेली पर तीखा हमला बोला। इस दौरान खन्ना ने निकी हेली पर अपनी सिख विरासत और भारतीय अमेरिकी पहचान के बारे में खुलकर बात न करने के लिए भी निशाना साधा।

कैलिफोर्निया से डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना ने दक्षिण कैरोलिना के कोलंबिया में फर्स्ट इन द नेशन डिनर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए निकी हेली पर तीखे वार किए। कोलंबिया में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन प्राइमरी का अगला चरण फरवरी में होने वाला है। 



निकी हेली और कुछ अन्य रूढ़िवादी भारतीय अमेरिकियों को लेकर दक्षिण एशियाई अमेरिकी विशेषज्ञ पहले भी आरोप लगाते रहे हैं कि उनमें से कुछ अपनी भारतीय अमेरिकी पहचान को जरूरत के हिसाब से अपनाते हैं और मौका मिलने पर उससे किनारा कर लेते हैं।

रो खन्ना ने कार्यक्रम में मौजूद सहयोगी सांसद जेम्स क्लाइबर्न की तारीफ करते हुए कहा कि वह 1960 के दशक में नागरिक अधिकार आंदोलन में भाग लेने के लिए जेल तक गए थे। इतिहास को लेकर उनकी समझ भी अच्छी है। लेकिन दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निकी हेली के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता।

खन्ना ने कहा कि यदि पूर्व गवर्नर निकी हेली ने इतिहास पढ़ा होता तो वह अपनी कहानी साझा करने के बारे में ज्यादा खुलकर बात करतीं। हेली का जन्म पंजाबी सिख माता-पिता के घर में निम्रता रंधावा के रूप में हुआ था। बाद में उन्होंने अपने बचपन के उपनाम निकी हेली को अपनाया। हालांकि उन्होंने अपनी सिख पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से कभी बात नहीं की और ईसाई धर्म में धर्मांतरण पर ही जोर देती रहीं। 

खन्ना ने अपने बारे में बताते हुए कहा कि मेरे पिता 1960 के दशक के अंत में अमेरिका आए थे। लगभग उसी दौरान हेली के पिता भी आए थे। 1965 से पहले निकी हेली के पिता या मेरे पिता को इस देश में रहने की अनुमति मिलने की संभावना बहुत कम थी क्योंकि अमेरिका में भारत, चीन जैसे एशियाई देशों को लोगों को आसानी से अनुमति नहीं मिलती थी।

डेमोक्रेट सांसद खन्ना ने आगे कहा कि क्लाइबर्न जैसे कई नेताओं की कोशिशों से आव्रजन अधिनियम पारित हो सका, जिससे एशिया के प्रवासियों के लिए अमेरिका में बसने का सपना पूरा करना संभव हो सका। क्लाइबर्न, लेविस, नॉर्टन जैसे लोगों की वजह से ही मैं एक कांग्रेसी सांसद के रूप में इस मंच पर खड़ा हो सका हूं और निकी हेली देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने के लिए चुनाव लड़ पा रही हैं। हमें इतिहास नहीं भूलना चाहिए।

Comments

Related