ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

वॉशिंगटन पोस्ट का नया दावा, रॉ के इस अधिकारी ने रची थी पन्नू की हत्या की साजिश!

अखबार ने दावा किया है कि यादव ने ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए एक हिट टीम बनाई थी, जिसमें पन्नू को प्रायोरिटी टारगेट के रूप में चिह्नित किया गया था।

अमेरिकी सरकार ने पिछले साल खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश का खुलासा करने का दावा किया था। / साभार सोशल मीडिया

अमेरिकी धरती पर भारतीय मूल के खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की असफल साजिश के कथित मामले में वॉशिंगटन पोस्ट ने नया दावा किया है। प्रतिष्ठित अमेरिकी अखबार ने उस अधिकारी के नाम का खुलासा कर दिया है, जिसने कथित तौर पर पन्नू की हत्या के लिए हिट टीम बनाई थी। 

वॉशिंगटन पोस्ट ने अमेरिकी सरकार और अमेरिकी खुफिया एजेंसी में अपने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के अधिकारी विक्रम यादव ने कथित तौर पर अमेरिकी धरती पर पन्नू की हत्या की असफल साजिश रची थी। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि इस ऑपरेशन को रॉ के तत्कालीन प्रमुख सामंत गोयल ने अप्रूव किया था। 

अखबार ने दावा किया है कि यादव ने ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए एक हिट टीम बनाई थी, जिसमें पन्नू को प्रायोरिटी टारगेट के रूप में चिह्नित किया गया था। रिपोर्ट में अमेरिका और भारत के पूर्व  अनाम सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया है कि विक्रम यादव ने ही पन्नू से संबंधित जानकारी कथित हत्यारों को भेजी थी। इसमें पन्नू का न्यूयॉर्क का पता भी शामिल था। 

पन्नू की हत्या की कथित साजिश के आरोपों का भारत जोरदार खंडन करता रहा है। उसका कहना है कि इस तरह की उसकी नीति नहीं है। हालांकि अमेरिकी आरोपों के बाद भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की साजिश के कथित आरोपों की जांच के लिए नवंबर 2023 में उच्च स्तरीय जांच समिति बना दी थी।

पिछले साल मार्च में पन्नू की हत्या की कथित साजिश के अमेरिकी दावों के बाद ऐसी जानकारी आई थी कि एक खुफिया अधिकारी को उसके पद से हटा दिया गया है और कई अन्य का फेरबदल किया गया है।

ब्लूमबर्ग ने अनाम वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से दावा किया था कि भारत द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति ने जांच के बाद निष्कर्ष निकाला था कि इस कथित साजिश में सरकार द्वारा किसी को अधिकृत नहीं किया गया था। 
 

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in