ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

दुबई सड़क हादसे से प्रभावित परिवारों के लिए NRI उद्यमी ने की 2.6 करोड़ रुपये की मदद

डॉ. वायलिल ने यह सहायता पैकेज उस समय घोषित किया जब हादसे के बारे में अधिक जानकारी सामने आई। बताया गया कि मिनीबस एक ऐसे ट्रक के पीछे जा टकराई जो तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर रुका हुआ था।

 डॉ. शमशीर वायलिल  डॉ. शमशीर वायलिल / Handout

दुबई की एमिरेट्स रोड पर हाल ही में हुए दर्दनाक मिनीबस हादसे में एक कंपनी के सात कर्मचारियों की मौत के बाद एनआरआई उद्यमी और परोपकारी डॉ. शमशीर वायलिल ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे कदम बढ़ाया है। बुर्जील होल्डिंग्स के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. वायलिल ने मृतकों और घायलों के परिवारों के लिए 2.6 करोड़ रुपये के मानवीय सहायता पैकेज की घोषणा की है।

डॉ. वायलिल ने यह सहायता पैकेज उस समय घोषित किया जब हादसे के बारे में अधिक जानकारी सामने आई। बताया गया कि मिनीबस एक ऐसे ट्रक के पीछे जा टकराई जो तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर रुका हुआ था। आधिकारिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों में छह भारतीय नागरिक और एक श्रीलंकाई नागरिक शामिल थे। वहीं घायलों में नेपाल के श्रमिक भी शामिल हैं। यह सहायता योजना हादसे से प्रभावित सभी लोगों पर लागू होगी।

सहायता पैकेज के तहत मृतक सातों व्यक्तियों के प्रत्येक परिवार को 26 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा नौ घायल बचे लोगों के उपचार और पुनर्वास की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 47 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना में परिवार के सदस्यों की आपातकालीन यात्रा और आवास व्यवस्था के लिए 18 लाख रुपये व प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा सहायता के लिए 13 लाख रुपये भी शामिल हैं।

इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए डॉ. वायलिल ने कहा कि यह हादसा उन श्रमिकों के त्याग की याद दिलाता है जो अपने परिवारों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए घर से दूर रहकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि "यह एक बेहद दुखद त्रासदी है जिसने कई देशों में बसे परिवारों को प्रभावित किया है। ये ऐसे श्रमिक थे जो अपने प्रियजनों के लिए सपने, जिम्मेदारियां और उम्मीदें लेकर यहां आए थे। कोई भी आर्थिक सहायता खोई हुई जिंदगियों की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन हमें उम्मीद है कि यह मदद शोकाकुल परिवारों को कुछ राहत देगी और घायलों की रिकवरी में सहायक होगी। इस कठिन समय में हम हर प्रभावित परिवार के साथ खड़े हैं।

यह सहायता पैकेज तत्काल राहत प्रदान करने के साथ-साथ उन परिवारों और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है जिन्होंने अपने मुख्य कमाने वाले सदस्य को खो दिया है। विशेष रूप से छोटे आश्रित बच्चों वाले परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है।

मृत भारतीयों में तीन उत्तर प्रदेश और तीन तेलंगाना के निवासी थे। वहीं नौ घायलों में आठ भारतीय नागरिक शामिल हैं जिनमें दो केरल से हैं, जबकि एक घायल नेपाली नागरिक है। घायलों में से पांच लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है जबकि तीन भारतीय अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

इस सहायता कार्यक्रम की जानकारी दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास को भी दी गई है, ताकि प्रभावित भारतीय परिवारों तक सहायता पहुंचाने में समन्वय स्थापित किया जा सके।

डॉ. वायलिल ने कहा कि हालांकि हम प्रभावित भारतीय परिवारों के संबंध में भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रहे हैं लेकिन मानवीय आधार पर यह सहायता इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?