ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

इंडियास्पोरा ने की यूएन की महिला डेलिगेट्स की मेजबानी, मैनहट्टन में हुआ कार्यक्रम

भारतीय मूल के नेताओं के नेटवर्क इंडियास्पोरा ने आईडीएफ की डेलिगेट्स की हाल ही में मैनहट्टन में मेजबानी की। #WomenHistoryMonth के रूप में इस डिनर कार्यक्रम का आयोजन शोभा विश्वनाथन और नेहा दीवान द्वारा किया गया। 

यूएन में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज के साथ आईडीएफ की डेलिगेट्स। / Image - Indiaspora

संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद के विशेष सलाहकार का दर्जा प्राप्त गैर सरकारी संगठन इंडियन डेवलपमेंट फाउंडेशन (आईडीएफ) ने महिलाओं की स्थिति पर 68वें वार्षिक आयोग (सीएसडब्ल्यू-68) में फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करने के लिए 18 महिलाओं को नामित किया है।

ये महिला चेंजमेकर्स ललित कला, सामाजिक सेवा, शिक्षा, विज्ञान, कानून, साहित्य और बौद्धिक गतिविधियों आदि विविध क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती हैं। विविध पृष्ठभूमि के बावजूद ये सभी एनजीओ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्धता साझा करती हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज की तरफ से हाल ही में बैठक का निमंत्रण दिया गया था। इंडियन डेवलपमेंट फाउंडेशन की सभी 17 प्रतिनिधियों ने राजदूत के साथ न्यूयॉर्क में भारत के स्थायी मिशन कार्यालय में लंच पर मुलाकात की थी। 

राजदूत ने दो प्रतिनिधियों- सुसान ईपेन और रचना भुसारी को सीएसडब्ल्यू 68 के दौरान भारत की तरफ से आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेने का निमंत्रण दिया। कंबोज के आमंत्रण पर रचना भुसारी ने "लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण के लिए वित्तपोषण" कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कैपिटल मार्केट और वित्तीय क्षेत्र में योगदान के लिए मशहूर रचना ने इस दौरान भारत में सोशल स्टॉक एक्सचेंज की अभिनव अवधारणा पर चर्चा की। 

वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त भारतीय पादप जैव प्रौद्योगिकी वैज्ञानिक ईपेन ने भारत सरकार की तरफ से आयोजित "महिला नेतृत्व विकास: चुनौतियां और महिला नेतृत्व के लिए सक्षम" कार्यक्रम में STEAM में लैंगिक अंतर को दूर करने के लिए अपने सुझाव साझा किए। ईपेन भारतीय महिला वैज्ञानिक संघ की पूर्व अध्यक्ष भी हैं।

विश्व में भारतीय मूल के नेताओं के नेटवर्क इंडियास्पोरा ने आईडीएफ के इन प्रतिनिधियों की हाल ही में मैनहट्टन के मिडटाउन में भारतीय रेस्तरां गुलाबो में मेजबानी की। #WomenHistoryMonth के रूप में इस डिनर कार्यक्रम का आयोजन शोभा विश्वनाथन और नेहा दीवान द्वारा किया गया। 

इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों में पुरस्कार विजेता कहानीकार उषा वेंकटरमण भी शामिल थीं। वह टेडएक्स स्पीकर, लेखक, शास्त्रीय गायक, रेडियो शो होस्ट और मुंबई स्टोरीटेलर्स सोसाइटी की संस्थापक भी हैं। 

उनके अलावा सोशल स्टॉक एक्सचेंज को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कैपिटल मार्केट एक्सपर्ट रचना भुसारी और दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की चेयरपर्सन शिल्पा रवि भी उपस्थित रहीं।
 

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in