ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारत का तेज बदलाव दुनिया को चौंका रहा है: USIBC प्रमुख

केशप ने यह भी कहा कि भारत की डिजिटल पहचान प्रणाली ने सरकारी सेवाओं को तेजी से लोगों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

अतुल केशप US-India Business Council के अध्यक्ष हैं। / IANS

भारत की तेज आर्थिक रफ्तार और डिजिटल बदलाव ने देश को जिस गति से बदला है उसे बाहर से देखने वाले कई लोग अब भी पूरी तरह समझ नहीं पा रहे हैं। यह बात अतुल केशप, ने भारत की हालिया यात्रा के बाद कही। अतुल US-India Business Council के अध्यक्ष हैं।

अतुल केशप ने कहा कि भारत में मंत्रियों, सांसदों, नीति विशेषज्ञों और उद्योग जगत के नेताओं से हुई मुलाकातों के बाद उन्हें साफ तौर पर एक ऐसे भारत की तस्वीर दिखी जो तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारत की 8.2 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए कहा कि देश में बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं में बदलाव साफ नजर आता है।

उन्होंने कहा कि भारत में जहां भी गए, वहां बदलाव के ठोस सबूत दिखे। सड़कों, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और डिजिटल शासन व्यवस्था में बड़े स्तर पर प्रगति हो रही है। उन्होंने खास तौर पर डिजिटल परिवर्तन को बेहद अहम बताया और कहा कि आज भारत सरकार पूरे देश में कार्गो शिपमेंट को रियल टाइम में ट्रैक करने में सक्षम है।

केशप ने यह भी कहा कि भारत की डिजिटल पहचान प्रणाली ने सरकारी सेवाओं को तेजी से लोगों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान इसी व्यवस्था की मदद से करोड़ों लोगों तक सीधे खाद्यान्न, रसोई गैस और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जा सकीं।

उन्होंने श्रम कानूनों में सुधार और परमाणु ऊर्जा को बढ़ावा देने वाले कानूनों का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार कहीं भी ठहरती हुई नहीं दिखती। उनके मुताबिक ऐसा लगता है कि भारत पूरी रफ्तार में दौड़ रहा है और लगातार आगे बढ़ने की सोच के साथ काम कर रहा है।

अपने बचपन के अनुभवों को याद करते हुए अतुल केशप ने कहा कि भारत को लेकर सोच में अब बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि आज भारत सिर्फ चल नहीं रहा, बल्कि तेजी से दौड़ रहा है और रोजमर्रा की जिंदगी में दिखने वाला बदलाव वाकई हैरान करने वाला है।

उन्होंने मौजूदा भारत को एक तरह से विशाल निर्माण स्थल बताया, जहां नए बंदरगाह, हवाई अड्डे, मेट्रो, अस्पताल और सड़कें बन रही हैं। उन्होंने माना कि इससे असुविधा भी होती है, लेकिन यह दशकों की कमी को पूरा करने और भविष्य की तैयारी का संकेत है।

केशप ने कहा कि सरकार के हर स्तर पर व्यापार को आसान और तेज बनाने पर जोर दिया जा रहा है और निवेश आकर्षित करने के लिए सुधार किए जा रहे हैं। उनके अनुसार पूरा भारतीय सिस्टम तेजी से गति पकड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत अमेरिका द्वारा उठाए गए व्यापार से जुड़े मुद्दों को समझता है लेकिन साथ ही आने वाले दशकों में विकसित देश बनने के अपने लक्ष्य पर भी पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने इस पूरे माहौल को ऊर्जा से भरपूर और बेहद प्रेरक बताया।

भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और आने वाले वर्षों में वैश्विक आर्थिक रैंकिंग में और ऊपर जाने की उम्मीद है। इसी भरोसे के चलते अमेरिकी कंपनियां तकनीक, विनिर्माण, ऊर्जा और सेवा क्षेत्रों में भारत में लगातार अपना विस्तार कर रही हैं।

Comments

Related