ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

इन तीन भारतवंशी महिलाओं को मिलेगा पावर ऑफ वुमन अवॉर्ड, जानें इन्हें

इन महिलाओं को 14 से 17 अप्रैल तक सैन डियागो में आयोजित होने वाली एएसयू-जीएसवी समिट में ये पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

 अनुपमा वैद, शालिनी शर्मा और बीजल शाह को 2024 के पावर ऑफ वुमन पुरस्कार के लिए चुना गया है।    अनुपमा वैद, शालिनी शर्मा और बीजल शाह को 2024 के पावर ऑफ वुमन पुरस्कार के लिए चुना गया है। / Image – LinkedIn

भारतीय मूल की तीन महिलाओं को साल 2024 की पावर ऑफ वुमन (#POW) ऑनरेरी पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है। इन पुरस्कारों के जरिए वेंचर कैपिटल फर्म ग्लोबल सिलिकॉन वैली (जीएसवी) शिक्षा के जरिए भविष्य तक समान पहुंच सुनिश्चित करने वाली महिलाओं के योगदान को मान्यता प्रदान करती है। 

इस साल 14 महिलाओं को पावर ऑफ वुमन ऑनरेरी पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इनमें कंपनियों की ऐसी सीईओ, प्रेसिडेंट और संस्थापक शामिल हैं जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया है। इन 14 महिलाओं में भारतीय अमेरिकी अनुपमा वैद, शालिनी शर्मा और बीजल शाह भी हैं। 

इन महिलाओं को 14 से 17 अप्रैल तक सैन डियागो में आयोजित होने वाली एएसयू-जीएसवी समिट में ये पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिन तीन भारतीय अमेरिकियों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है, आइए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं-

अनुपमा वैद
अनुपमा ParentSquare की संस्थापक अध्यक्ष हैं। यह एक इंटरेक्टिव ऑनलाइन सिस्टम है, जो स्कूलों और अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई से संबंधित जानकारियां मुहैया कराता है। इस प्लेटफॉर्म को तैयार करने का आइडिया अनुपमा को साल 2010 में आया था। अनुपमा ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से 1997 में बीई की डिग्री ली थी। उसके बाद वह अमेरिका आ गईं।

अनुपमा ने लिंक्डइन पोस्ट में कहा कि में जीएसवी की तरफ से पावर ऑफ वुमन पुरस्कार के लिए चुने जाने पर मैं बहुत खुश हूं। महिलाओं को कदम कदम पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे उन सीमाओं में नहीं बंधना पड़ा जिनका सामना अन्य महिलाएं करती हैं। इसके लिए मैं अपने आसपास के लोगों को धन्यवाद देती हूं। 

शालिनी शर्मा
शालिनी Zearn की सह संस्थापक और अध्यक्ष हैं। इस गैरलाभकारी एजुकेशनल सॉफ्टवेयर ऑर्गनाइजेशन ने 2012 में Zearn Math की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य एलिमेंट्री स्टूडेंट्स को गणित की जटिल कॉन्सेप्ट तस्वीरों, मॉडल्स और आम जिंदगी के उदाहरणों से समझाना है। शालिनी ने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल और ब्राउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। वह ब्रैवन बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और ब्राउन यूनिवर्सिटी एडवाइजरी काउंसिल की सह अध्यक्षा भी रही हैं। 

बीजल शाह
बीजल Guild की अंतरिम सीईओ हैं। यह कंपनी कामकाजी युवाओं को अपस्किल करके और नौकरियों के जरिए उनके करियर में मदद करती है। गिल्ड से पहले बीजल Ibotta में लीडरशिप और वीजा में कॉरपोरेट स्ट्रेटिजी में अहम भूमिकाएं निभा चुकी हैं। वह Girls Inc के निदेशक मंडल में भी शामिल हैं। उन्हें डेनवर बिजनेस जर्नल की तरफ से 40 अंडर 40 पुरस्कार भी प्रदान किया जा चुका है। 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related