ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

एशियन चैंपियंस ट्रॉफीः मलेशिया पर 8-1 की धमाकेदार जीत के साथ भारत टॉप पर

भारत की जीत में राजकुमार पाल के अलावा अराईजीत सिंह हुंदल, जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह और उत्तम सिंह का अहम योगदान रहा।

मलेशिया पर जीत से भारत ने तीन मैचों में नौ अंक हासिल करके शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। / X @asia_hockey


ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की हॉकी टीम की विजयी सफर जारी है। अब भारतीय टीम ने एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में मलेशिया को 8-1 से हराकर तीन मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। मलेशिया पर भारत की ये जीत राजकुमार पाल की बदौलत संभव हुई जिन्होंने टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक लगाई।

भारत की जीत में में राजकुमार पाल (3', 25', 33') के अलावा अराईजीत सिंह हुंदल (6', 39'), जुगराज सिंह (7'), हरमनप्रीत सिंह (22') और उत्तम सिंह (40') ने भी अहम योगदान दिया। मलेशिया के लिए एकमात्र गोल अकीमुल्लाह अनुआर ने 34वें मिनट में किया। इस जीत से भारत ने तीन मैचों में नौ अंक हासिल करके शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इधर पाकिस्तान ने जापान को 2-1 से हराकर तीन मैचों में अपनी पहली जीत दर्ज की।

भारत ने मैच में आक्रामक शुरुआत की। मलेशिया को शुरू से ही डिफेंसिव रखते हुए उसने शुरुआती सात मिनट में तीन गोल दाग दिए। पहला गोल राजकुमार पाल (3') ने शानदार स्टिकवर्क दिखाते हुए किया। दूसरा गोल अराईजीत सिंह हुंदल (6') ने मलेशियाई गोलकीपर के कंधे को पार करते हुए किया। तीसरा गोल जुगराज सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर ड्रैग फ्लिक के जरिए किया।

वहीं मलेशियाई टीम मैच में पकड़ बनाने के लिए जूझती नजर आई। उसे पहले क्वार्टर के बाद के मिनटों में कई पेनल्टी कार्नर मिले। अगले क्वार्टर की शुरुआत में उसे सकारात्मक शुरुआत की। भारत को 18वें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन सूरज करकेरा ने आसान सेव कर दिया। भारत ने तुरंत पलटवार करते हुए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन मलेशियाई खिलाड़ी ने खतरे को टाल दिया।

भारत ने हाफ टाइम तक आक्रामक आक्रमण जारी रखा। उसे कई पेनल्टी कॉर्नर मिले। आखिरी मौके को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर 22वें मिनट में स्कोर 4-0 कर दिया। राजकुमार ने 25वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। मलेशिया ने डिफेंस में गलतियां की लेकिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले हाफ का अंत 5-0 की बढ़त के साथ किया। तीसरा क्वार्टर भी इसी तरह रहा। भारतीय टीम ने लगातार हमलों से खेल पर नियंत्रण बनाए रखा। राजकुमार ने मलेशिया के गोलकीपर एड्रियन की गेंद पर रिबाउंड पर गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। 

34वें मिनट में मलेशिया को इकलौता गोल अखिमुल्लाह अनुआर ने दिलाया। उसके बाद भारत ने दो और गोल दागे। हुंडल ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया जबकि उत्तम ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। इस तरह तीसरे क्वार्टर का अंत 8-1 के बड़े स्कोर के साथ हुआ।

भारत की लगातार तीसरी जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए हीरो ऑफ द मैच अराजित सिंह हुंडल ने कहा कि हम हर खेल में आगे बढ़ना चाहते हैं, हमें हर खेल जीतना है। हम यहां पर जीतने आए हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से पिछले दो गेम मेरी उम्मीद के मुताबिक नहीं थे लेकिन मैं खुश हूं कि मैंने आज गोल किया। मेरा आत्मविश्वास हर दिन लौट रहा है। अगले मैचों में मैं और भी बेहतर प्रदर्शन करूंगा।

उधर, जापान के ऊपर 2-1 से पाकिस्तान की जीत में अहमद नदीम (10वें मिनट) और सुफियान खान (21वें मिनट) के गोल की अहम भूमिका रही। जापान के लिए एकमात्र गोल राइकी फुजिशिमा (28वें मिनट) ने किया। इस जीत से पाकिस्तान पूल तालिका में पांच अंक के साथ भारत के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

मैच के हीरो सूफियान खान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारे कोच ने हमें गलतियां न करने की हिदायत दी थी। पहले दो मैचों में हमें काफी कार्ड मिले थे जो हमें महंगे पड़े। हम आज अनुशासित मैच खेलना चाहते थे और हमने पूरे दिल से ऐसा किया। मैं अपनी टीम के लिए स्कोर करके खुश हूं।



Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in