ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अर्जुन ने शतरंज में रचा इतिहास, एलीट क्लब में पहुंचने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी बने

अर्जुन एरिगैसी अब विश्वनाथन आनंद के बाद एलीट 2800 क्लब में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। इस उपलब्धि ने उन्हें भारत के सर्वोच्च रैंकिंग शतरंज खिलाड़ी के रूप में स्थापित कर दिया है। 

 अर्जुन एरिगैसी ने यूरोपीय शतरंज क्लब कप 2024 में टीम अल्कलॉइड की तरफ से खेलते हुए यह कारनामा किया। अर्जुन एरिगैसी ने यूरोपीय शतरंज क्लब कप 2024 में टीम अल्कलॉइड की तरफ से खेलते हुए यह कारनामा किया। / X @ArjunErigaisi

शतरंज की दुनिया में भारत के अर्जुन एरिगैसी ने इतिहास रच दिया है। वह यूरोपीय चेस क्लब कप के लाइव रेटिंग राउंड में 2800 रेटिंग क्लब में जगह बनाने वाले भारत के दूसरे शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले विश्वनाथन आनंद ने ये उपलब्धि हासिल की थी।

ग्रैंडमास्टर एरिगैसी ने यूरोपीय शतरंज क्लब कप 2024 में टीम अल्कलॉइड की तरफ से खेलते हुए यह कारनामा किया। उन्होंने पांचवें दौर में रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन पर निर्णायक जीत हासिल की। 

इस सफलता ने उन्हें विश्व नंबर 3 के मुकाम पर पहुंचा दिया है। वह विश्वनाथन आनंद के बाद इस एलीट 2800 क्लब में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय हैं। एरिगैसी की इस उपलब्धि ने उन्हें भारत के सर्वोच्च रैंक वाले शतरंज खिलाड़ी के रूप में मजबूती से स्थापित कर दिया है। 

महज 21 साल की उम्र में एरिगैसी इस स्तर तक पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय हैं। वह ये उपलब्धि पाने वाले दुनिया के 16वें खिलाड़ी हैं। इस मुकाम को पार करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का खिताब अलीरेजा फिरोजा के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 18 साल की उम्र में ये कारनामा किया था। पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन इस क्लब में जगह बनाने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं।

एरिगैसी ने इस साल कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने 2024 WR शतरंज मास्टर्स कप जीता है। उन्होंने मैक्सिम वाचियर लाग्रेव को मात दी थी। इस जीत के साथ 20,000 यूरो की इनामी राशि और 27.84 FIDE सर्किट पॉइंट हासिल किए। 

हाल ही में उन्होंने बुडापेस्ट में शतरंज ओलंपियाड 2024 में स्वर्ण पदक और TePe Sigeman शतरंज टूर्नामेंट में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने GMs Kirill Alekseenko और Maksim Chigaev जैसे मजबूत दावेदारों को हराकर मिनोर्का ओपन खिताब भी अपने नाम किया है।



Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?