ADVERTISEMENTs

जय भट्टाचार्य बनेंगे NIH प्रमुख? सीनेट में हो सकती है सवालों की बौछार

जय भट्टाचार्य को सीनेट डेमोक्रेट्स की तरफ से NIH की आजादी और निष्पक्ष वैज्ञानिक शोध के प्रति प्रतिबद्धता पर सवालों का सामना करना पड़ सकता है।

अगर पूरी सीनेट उनकी नियुक्ति की पुष्टि कर देती है, तो जय भट्टाचार्य अमेरिका की सबसे बड़ी मेडिकल रिसर्च एजेंसी का नेतृत्व करेंगे। / REUTERS/Gary Cameron/File Photo

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नेशनल हेल्थ इंस्टिट्यूट (NIH) के प्रमुख के लिए जय भट्टाचार्य को नामित किया है। COVID-19 नीतियों के मशहूर आलोचक भट्टाचार्य पुष्टि के लिए अब सीनेट कमेटी की सुनवाई में सवालों का सामना करेंगे। 

सीनेट में बहुमत रखने वाले रिपब्लिकन नेताओं ने उनका समर्थन किया है। उनका कहना है कि भट्टाचार्य का महामारी नीतियों पर संदेह NIH में सुधार की जरूरत को दिखाता है। ट्रम्प के सभी बड़े नामांकन चाहे वो कितने भी अलग या विवादास्पद क्यों न हों, कन्फर्म हो चुके हैं।

जय भट्टाचार्य को सीनेट डेमोक्रेट्स की तरफ से NIH की आजादी और निष्पक्ष वैज्ञानिक शोध के प्रति प्रतिबद्धता पर सवालों का सामना करना पड़ सकता है। यह सुनवाई सीनेट कमेटी ऑन हेल्थ, एजुकेशन, लेबर एंड पेंशन्स में होगी। इसके बाद पैनल तय करेगा कि उन्हें सीनेट में आगे बढ़ाया जाए या नहीं।

अगर पूरी सीनेट उनकी नियुक्ति की पुष्टि कर देती है, तो भट्टाचार्य देश की सबसे बड़ी मेडिकल रिसर्च एजेंसी का नेतृत्व करेंगे। यह एजेंसी करीब 50 अरब डॉलर के बजट और हजारों वैज्ञानिक प्रोजेक्ट्स के फंडिंग की देखरेख करती है। NIH डायरेक्टर 27 संस्थानों और केंद्रों की कमान संभालते हैं जो महामारी के उभरते खतरों के लिए वैक्सीन से लेकर नई दवाओं तक पर शोध करते हैं।

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ट्रेंड फिजिशियन और हेल्थ इकोनॉमिस्ट जय भट्टाचार्य लॉकडाउन और कोरोना 19 प्रतिबंधों के मुखर आलोचक रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर 2020 में ग्रेट बैरिंगटन डिक्लेरेशन लिखा था जिसमें कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर ध्यान देने और प्रतिबंधों को खोलने की बात कही थी। बाद में उन्होंने सरकार पर सोशल मीडिया पर उनकी राय को सेंसर करने का आरोप लगाते हुए केस भी किया था।

जय भट्टाचार्य के विचार व्हाइट हाउस के पूर्व मेडिकल सलाहकार और NIH के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इन्फेक्शियस डिजीज के डायरेक्टर रहे डॉ. एंथनी फौसी से अलग हैं। भट्टाचार्य ने NIH का फोकस नई और इनोवेटिव रिसर्च को फंड करने और कुछ पुराने अधिकारियों के प्रभाव को कम करने की बात कही है।

डेमोक्रेट्स उनसे वैक्सीन मैंडेट, पब्लिक हेल्थ फंडिंग और NIH ग्रांट्स को यूनिवर्सिटी कैंपस में फ्री स्पीच प्रोटेक्शन से जोड़ने जैसे उनके प्रस्तावित सुधारों पर सवाल जवाब कर सकते हैं। वे NIH में स्टाफ कटौती पर भी सवाल कर सकते हैं। 
 

Comments

Related