ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

सांसद श्री थानेदार ने कहा- मोदी की अमेरिका यात्रा से दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे

अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा को भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने वाला कदम बताया है। उन्होंने चीन की बढ़ती चुनौती का मुकाबला करने, इंसानियत भरी इमिग्रेशन पॉलिसी बनाने और निष्पक्ष व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेस सांसद श्री थानेदार। / X - /@ShriThanedar

भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेस सांसद श्री थानेदार ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प से मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा दोनों देशों के बीच साझेदारी की बढ़ती रणनीतिक अहमियत को दिखाती है। थानेदार ने कहा, 'अमेरिका और भारत के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं। प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्रा दिखाती है कि दोनों देशों और पूरी दुनिया के लिए हमारी साझेदारी कितनी जरूरी है।'

व्हाइट हाउस में मोदी-ट्रम्प मुलाकात की तैयारी के बीच सांसद श्री थानेदार ने उन अहम मुद्दों पर जोर दिया, खासकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती दखलअंदाजी के खिलाफ, जहां दोनों देशों का साथ मिलकर काम करना बहुत जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा, 'हमें इस इलाके में हो रहे डर और धमकी के माहौल के प्रति सतर्क रहना होगा। शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारत के साथ हमारी डिफेंस और टेक्नोलॉजी में सहयोग बढ़ाना बेहद जरूरी है।'

थानेदार ने इंसानियत भरी इमिग्रेशन पॉलिसी की भी वकालत की और अलग-अलग सरकारों द्वारा निष्कासन (डिपोर्टेशन) के तरीकों में अंतर को उजागर किया। उन्होंने कहा कि बाइडेन प्रशासन ने भारतीय प्रवासियों को व्यावसायिक या चार्टर्ड उड़ानों से वापस भेजा था। दूसरी तरफ, ट्रम्प प्रशासन ने उन्हें सैन्य विमानों में जंजीरों से बांधकर वापस भेजा। श्री थानेदार ने इसकी आलोचना की। उन्होंने कहा, 'अमेरिका को वापस लौटने वाले प्रवासियों के साथ सम्मान और गरिमा से पेश आना चाहिए। साथ ही हमारी आव्रजन प्रणाली को निष्पक्ष, कुशल और न्यायसंगत बनाने के लिए उसे आधुनिक बनाना चाहिए।'

व्यापार के मामले में सांसद श्री थानेदार ने उन टैरिफ पर फिर से विचार करने का आग्रह किया जो अमेरिकी परिवारों और व्यापारियों के लिए लागत बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमें निष्पक्ष और संतुलित व्यापार नीतियों की आवश्यकता है जो अमेरिकी नौकरियों की रक्षा करें और साथ ही भारत के साथ आर्थिक सहयोग को बढ़ावा दें।'

थानेदार ने रक्षा, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा में अमेरिका-भारत सहयोग को और गहरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'इन प्रमुख क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करके हम आर्थिक विकास को बढ़ावा दे सकते हैं। सुरक्षा को मजबूत कर सकते हैं। इसके साथ ही दोनों देशों में समुदायों को ऊपर उठाने वाला भविष्य बना सकते हैं।' श्री थानेदार मिशिगन के 13वें जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें डेट्रॉइट, डाउनरिवर और ग्रॉस पॉइंट्स शामिल हैं।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in