भारत ने जीता विश्व कप 2026... / @t20worldcup
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार T20 विश्व कप जीत लिया है। T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने टीम को तूफानी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए महज 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े। इस मुकाबले से पहले खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक ने फाइनल मैच में सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 21 गेंदों पर 52 रनों की दमदार पारी खेली।
यह भी पढ़ें: Collegiate Cup: भारतीय मूल के क्रिकेटर होंगे आकर्षण
संजू सैमसन ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक लगाया। संजू ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 8 छक्के लगाए। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मार्लोन सैमुअल्स के रिकॉर्ड (85) को तोड़ते हुए इतिहास रचा। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले महज तीसरे बल्लेबाज भी बने हैं। सैमसन से पहले यह कारनामा विराट कोहली और शाहिद अफरीदी ने किया है।
विश्व कप में पावरप्ले का सर्वोच्च स्कोर बनाया
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के फाइनल में पावरप्ले के दौरान बिना किसी नुकसान के 92 रन बनाए। ये टूर्नामेंट के इतिहास में पावरप्ले में बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। टीम ने वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट पर 92 रन बनाए थे। सैमसन ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक लगाया जिससे भारत विशाल स्कोर की ओर अग्रसर हुआ। सैमसन हालांकि, शतक नहीं लगा सके और 46 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को मिले तीन बड़े ओवर
भारत को तीन बड़े ओवर मिले जिसमें बल्लेबाजों ने 20+ रन निकाले। भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को सबसे ज्यादा निशाने पर लिया। भारत की पारी का चौथा ओवर डालने आए फर्ग्यूसन पहले अभिषेक ने निशाने पर लिया और एक चौका तथा एक छक्का जड़ा। इसके बाद सैमसन ने एक छक्का और एक चौका लगाया। इस तरह दोनों बल्लेबाजों ने फर्ग्यूसन के ओवर से कुल 24 रन निकाले जो टी20 विश्व कप फाइनल का संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर है। इसके बाद भारत की पारी के 12वें ओवर में भी 24 रन आए। इस वक्त सैमसन और ईशान ने फर्ग्यूसन को निशाने पर लिया। इसके बाद आखिरी ओवर डालने आए जेम्स नीशम के ओवर से शिवम दुबे ने 24 रन निकाले जिससे टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचा।
अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login