ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

विश्व का पहला योगासन खेल चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा भारत

यह प्रतियोगिता गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी।

विश्व योगासन चैम्पियनशिप पोस्टर / India in Chicago via X

भारत 4 से 8 जून के बीच विश्व का पहला योगासन खेल चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा जिसमें दुनिया भर के खिलाड़ी भाग लेंगे। यह एक अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता होगी जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिभागी योगासन का प्रदर्शन कर प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर योग को खेल के रूप में स्थापित करना है।

यह प्रतियोगिता गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन वर्ल्ड योगासन बॉडी भारत के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सहयोग से किया जा रहा है। बता दें कि वर्ल्ड योगासन बॉडी एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो योगासन को खेल के रूप में बढ़ावा देने के लिए कार्य करती है। यह संस्था मानकीकरण, शिक्षा और प्रमाणन के माध्यम से खिलाड़ियों, कोच और योग प्रेमियों का वैश्विक समुदाय विकसित करती है।

प्रतियोगिता छह आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी और प्रत्येक देश से अधिकतम एक प्रतिभागी को भाग लेने की अनुमति होगी। खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे जिनमें ट्रेडिशनल योगासन, फॉरवर्ड बेंड, बैक बेंड, ट्विस्टिंग बॉडी, लेग बैलेंस, हैंड बैलेंस, सुपाइन, कलात्मक एकल, कलात्मक युगल, तालात्मक युगल, कलात्मक समूह और पारंपरिक समूह शामिल हैं।

विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक दिए जाएंगे साथ ही मेरिट प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। प्रत्येक देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

अधिकतम स्वर्ण पदक जीतने वाले देशों को चैम्पियन ट्रॉफी, प्रथम उपविजेता और द्वितीय उपविजेता ट्रॉफी दी जाएगी। पुरुष और महिला वर्ग में सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत चैम्पियन ट्रॉफी भी दी जाएगी। यह आयोजन पहले नवंबर 2025 में प्रस्तावित था, जिसे बाद में पुनर्निर्धारित किया गया।

यह चैम्पियनशिप भारत सरकार और वर्ल्ड योगासन बॉडी के उस प्रयास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य योग परंपराओं को बढ़ावा देना और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल प्रधानमंत्री योग पुरस्कार 2026 की घोषणा के अनुरूप भी है, जो योग के वैश्विक प्रचार-प्रसार में योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 थी।

Comments

Related