ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

10 दिन पागलखाने में रहकर इस महिला पत्रकार ने दुनिया को क्या दिखाया था?

अमेरिकी पत्रकार नेली ब्लाई ने अंडरकवर होकर पागलखाने की सच्चाई दुनिया के सामने लाई और पत्रकारिता का इतिहास बदल दिया।

अमेरिकी पत्रकार नेली ब्लाई / Supplied

विश्व में आए दिन तमाम तरह की खबरें मीडिया में छाई रहती हैं। इन खबरों को रिपोर्ट करने वाले पत्रकार कई बार प्रसिद्धि या फिर कुछ अलग करने की चाह में कुछ ऐसा कर गुजरते है जो चकित कर जाता है। हम बस खबरें पढ़ते, देखते या सुनते हैं लेकिन इनके पीछे की मेहनत, काम के प्रति ईमानदारी कई बार बिरले साबित होती है।

ऐसी ही एक अमेरिकी पत्रकार नेली ब्लाई हुई। जिनका जन्म 5 मई को पेंसिलवेनिया में हुआ था। नेली ब्लाई को इन्वेस्टिगेटिंग रिपोर्टर कहा जाता था। वे अपने अंडरकवर रिपोर्टिंग के अलावा, 72 दिनों में दुनिया का चक्कर लगाने के लिए भी जानी जाती हैं।

उनके अंडरकवर ऑपरेशन में सबसे महत्पूर्ण और साहसिक ऑपरेशन दस दिनों तक एक पागलखाने में रहने का था। नेली ब्लाई ने 1887 में न्यूयॉर्क के ब्लैकवेल आइलैंड (रूजवेल्ट आइलैंड) पर स्थित एक मानसिक अस्पताल में एक मरीज के रूप में 10 दिन बिताए और वहाँ की स्त्रियों की दुर्दशा पर रिपोर्ट तैयार की। इसके लिए उन्होंने एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला का नाटक करना पड़ा। पुलिस, डॉक्टरों और जज को भी अपने अभिनय से धोखा देकर खुद को पागल साबित करना पड़ा था। कारण एक तो यह था की एक रिपोर्टर के तौर पर वे ठीक से जान नहीं पाती उस अस्पताल की असलियत। और दूसरा बिना पागल करार दिए व्यक्ति को अस्पताल के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। इन दस दिनों में उन्होंने मरीजों पर होने वाले अत्याचारों, खराब खानपान और नर्सों के क्रूर व्यवहार का अपनी आंखों से जायजा लिया। बाद में उन्होंने अखबारों में इसका पर्दाफाश किया, जिसने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया और नतीजतन, मेंटल हेल्थ केयर में भारी सुधार हुए।

इसी तरह नेली ने जूलस वर्न की प्रसिद्ध उपन्यास, अराउंड द वर्ल्ड इन एटी डेज पढ़ी और इसे खुद साबित करने में जुट गई। उन्होंने अकेले ही पूरी दुनिया का चक्कर लगाया और मात्र 72 दिनों में यह यात्रा पूरी करके उस समय का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।

नेली को मकरैकिंग जर्नलिज्म की जननी माना जाता है। उन्होंने हमेशा महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के साथ-साथ समाज के कमजोर वर्गों के लिए आवाज उठाई। पत्रकारिता के द्वारा सामाजिक विकास और उत्थान में योगदान कैसे दिया जाए उसकी प्रेरणा नेली ब्लाई से लिया जा सकता है।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in