ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

'महान प्रवासियों' की कार्नेगी की लिस्ट में ये चार भारतीय-अमेरिकी, जानें इनके बारे में

न्यूयॉर्क के कार्नेगी कॉर्पोरेशन की इस साल की महान प्रवासियों की लिस्ट में अभिजीत बनर्जी, ईबू पटेल, प्रेमल शाह और डॉ आशीष कुमार झा शामिल हैं।

 कार्नेगी की 2024 की लिस्ट में शामिल (ऊपर बाएं से) अभिजीत बनर्जी, डॉ. आशीष कुमार झा और (नीचे बाएं से) ईबू पटेल व  प्रेमल शाह। कार्नेगी की 2024 की लिस्ट में शामिल (ऊपर बाएं से) अभिजीत बनर्जी, डॉ. आशीष कुमार झा और (नीचे बाएं से) ईबू पटेल व प्रेमल शाह। / Images provided

न्यूयॉर्क के कार्नेगी कॉर्पोरेशन ने महान प्रवासियों की अपनी वार्षिक सूची की घोषणा कर दी है। इसमें अमेरिकी समाज को समृद्ध करने और लोकतंत्र को मजबूत करने वाले 24 प्रवासी नागरिकों को मान्यता दी गई है। इस साल की सूची में चार भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी, ईबू पटेल, प्रेमल शाह और डॉ आशीष कुमार झा शामिल हैं। आइए इनके बारे में विस्तार से बताते हैं-

अभिजीत बनर्जी 
नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में अर्थशास्त्र के फोर्ड फाउंडेशन इंटरनेशनल प्रोफेसर हैं। 2019 में एस्थर डुफ्लो और माइकल क्रेमर के साथ उन्हें वैश्विक गरीबी कम करने के उनके प्रयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार मिला था। 

2003 में बनर्जी ने एस्थर डुफ्लो और सेंधिल मुलैनाथन के साथ मिलकर अब्दुल लतीफ जमील पॉवर्टी एक्शन लैब (जे-पीएएल) की स्थापना की थी। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से शिक्षा ली है। 1988 में उन्होंने पीएचडी की थी। 

ईबू पटेल 
ईबू पटेल इंटरफेथ अमेरिका के संस्थापक अध्यक्ष हैं, जो कि अमेरिका का एक अग्रणी इंटरफेथ संगठन है। यह संगठन सरकारों, विश्वविद्यालयों, निजी कंपनियों और नागरिक संगठनों के साथ सहयोग करता है ताकि आस्था विभाजन के बजाय सहयोग का जरिया बन सके।

मुंबई में जन्मे ईबू पटेल ने (पूर्व) राष्ट्रपति ओबामा की फेथ काउंसिल में भी रहे हैं। यूएस न्यूज और वर्ल्ड रिपोर्ट की तरफ से उन्हें अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ नेताओं में से एक नामित किया जा चुका है। अशोक फेलो ईबू पटेल ने रोड्स छात्रवृत्ति पर अध्ययन करते हुए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से धर्म के समाजशास्त्र में डॉक्टरेट किया है। 

प्रेमल शाह
सामाजिक उद्यमी प्रेमल शाह Kiva.org चलाते हैं। यह वेबसाइट लोगों को कामकाजी गरीबों को 25 डॉलर उधार देने का जरिया बनती है। 98 प्रतिशत की रीपेमेंट दर के साथ किवा के लेंडर्स 2005 से 75 देशों में कम आय वाले 10 लाख से अधिक उद्यमियों को धन उपलब्ध करा चुकी है। 

PayPal के पूर्व अधिकारी प्रेमल शाह ने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक किया है। उन्हें Kiva के लिए FORTUNE पत्रिका की 'टॉप 40 अंडर 40' सूची में नामित किया जा चुका है। इस साइट को ओपरा की सबसे पसंदीदा चीजों में से एक और टाइम पत्रिका द्वारा शीर्ष 50 वेबसाइट नामित किया जा चुका है।

डॉ आशीष कुमार 
मशहूर चिकित्सक डॉ. आशीष कुमा झा ब्राउन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डीन हैं। कोरोना महामारी से निपटने के लिए मार्च 2022 में राष्ट्रपति जो बाइडेन की तरफ से उन्हें व्हाइट हाउस में COVID-19 प्रतिक्रिया समन्वयक नियुक्त किया गया था। इस दौरान उन्हें अमेरिका के अग्रणी पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट के रूप में पहचान मिली थी।

ब्राउन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में शामिल होने से पहले झा हार्वर्ड के टीएच चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ और हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में प्रोफेसर रहे थे। उन्होंने 2014 से 2020 तक हार्वर्ड ग्लोबल हेल्थ इंस्टीट्यूट के फैकल्टी डायरेक्टर के अलावा हार्वर्ड के टीएच चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में अन्य नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं। उनके शोधपरक लेखों को सबसे ज्यादा कोट किए जाने शोधकर्ताओं के शीर्ष एक प्रतिशत में स्थान दिया गया है।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?