ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

ब्रिटिश भारतीय राजनयिक टैमी संधू को वेटिकन में राजदूत नियुक्त किया गया

वह 2014 से 2017 तक भारत के चेन्नई में डिप्टी हेड ऑफ मिशन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार विभाग की भी प्रमुख रहीं हैं। इसके बाद 2021 में उन्हें अमेरिका भेजा गया जहां उन्होंने सैन फ्रांसिस्को में यूनाइटेड किंगडम की डिप्टी कॉन्सुल जनरल के रूप में काम किया।

 तरनदीप कौर संधू तरनदीप कौर संधू / Tarandip Kaur Sandhu via LinkedIn

यूनाइटेड किंगडम ने 11 मई को ब्रिटिश भारतीय राजनयिक तरनदीप कौर संधू को वेटिकन में क्राउन की नई राजदूत नियुक्त करने की घोषणा की है। उन्हें हिज मैजेस्टी की ओर से होली सी (वेटिकन) में राजदूत बनाया गया है। वह क्रिस्टोफर जॉन ट्रॉट की जगह लेंगी और 2025 से ही अपनी नई भूमिका के लिए प्रशिक्षण ले रही हैं।

इस प्रशिक्षण के तहत उन्होंने इतालवी भाषा की भी पढ़ाई की है। संधू 2005 में फॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस में शामिल हुई थीं। तब से उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है और अलग-अलग देशों में क्राउन का प्रतिनिधित्व किया है।

वह 2014 से 2017 तक भारत के चेन्नई में डिप्टी हेड ऑफ मिशन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार विभाग की भी प्रमुख रहीं हैं। इसके बाद 2021 में उन्हें अमेरिका भेजा गया जहां उन्होंने सैन फ्रांसिस्को में यूनाइटेड किंगडम की डिप्टी कॉन्सुल जनरल के रूप में काम किया। साल 2023 में उन्हें पदोन्नत कर हिज मैजेस्टी की कॉन्सुल जनरल, सैन फ्रांसिस्को बनाया गया।

तरनदीप टैमी कौर संधू सैन फ्रांसिस्को वाणिज्य दूतावास में अपने कार्यकाल के दौरान सामुदायिक गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहीं। उन्होंने भारत के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को में दोस्तों और राजनयिक तथा व्यापारिक समुदाय के लोगों के साथ भाग लिया था। उस दौरान उन्होंने यूनाइटेड किंगडम और भारत के बीच गहरे रिश्ते और साझा संबंधों पर जोर दिया था।

उन्होंने बे एरिया में भारतीय प्रवासी समुदाय के महत्व को भी रेखांकित किया था, खासकर व्यापार, नवाचार और भोजन के क्षेत्र में। अपनी नई नियुक्ति पर संधू ने लिंक्डइन पर लिखा कि होली सी में अगली ब्रिटिश राजदूत नियुक्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यूनाइटेड किंगडम और होली सी के बीच संबंध पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं। अक्टूबर 2025 में किंग और क्वीन की स्टेट विजिट और शांति तथा वैश्विक मुद्दों से निपटने की साझा प्रतिबद्धता इस साझेदारी को और मजबूत करती है।

संधू ने मोरक्को, ब्रसेल्स, भारत, इराक और अमेरिका में क्राउन का प्रतिनिधित्व करने के अपने लंबे अनुभव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मैं इस अनुभव को हिज मैजेस्टी की राजदूत के रूप में अपनी नई भूमिका में लाने और होली सी के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। यह एक अनोखी संस्था है और वैश्विक मंच पर एक महत्वपूर्ण राजनयिक और नैतिक आवाज है।

संधू ने यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से अंतरराष्ट्रीय लोक नीति में मास्टर डिग्री प्राप्त की है।
 

Comments

Related