ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

व्हाइट हाउस ने की भारत के 'जीवंत लोकतंत्र' की सराहना, पीएम मोदी की तारीफ

व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी ने आम चुनाव में भारतीय जनता की सक्रिय भागीदारी की सराहना की है।

 व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी (डायस पर) और कैरिन जीन-पियरे (बाएं) 17 मई को एक प्रेस वार्ता के दौरान। व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी (डायस पर) और कैरिन जीन-पियरे (बाएं) 17 मई को एक प्रेस वार्ता के दौरान। / Courtesy Photo

भारत में इन दिनों आम चुनाव चल रहे हैं। जनता इस चुनाव में उत्साह के साथ हिस्सेदारी कर रही है। अमेरिका ने इसकी तारीफ की है। व्हाइट हाउस ने 17 मई को आम चुनावों में अपने वोट का प्रयोग करने के लिए भारतीय जनता की सराहना की और भारत को दुनिया के सबसे जीवंत लोकतंत्रों में से एक बताया।

व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी संवाददाता सम्मेलन में एक पत्रकार की ओर से भारतीय चुनावों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

किर्बी ने कहा कि भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र विश्व में अधिक नहीं हैं। हम भारतीय लोगों की वोट देने की क्षमता और उनकी भावी सरकार में आवाज बनने की सराहना करते हैं। हम भारत की पूरी चुनाव प्रक्रिया ठीक से संपन्न होने की कामना करते हैं। 

मोदी के कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका के संबंधों के बारे में एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए किर्बी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के पिछले तीन वर्षों में संबंध निश्चित रूप से मजबूत हुए हैं।

किर्बी ने कहा कि भारत के साथ हमारा रिश्ता घनिष्ठ है। और घनिष्ठ होता जा रहा है। आपने इसे राजकीय दौरे (अंतिम दौरे) पर देखा था। हमने महत्वपूर्ण उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक साथ काम किया और हिंद-प्रशांत क्वाड की प्रासंगिकता को विस्तारित किया जिसका भारत एक हिस्सा है।

किर्बी ने कहा कि भारत-अमेरिका के लोगों के बीच आदान-प्रदान बढ़ा है और सैन्य स्तर पर भी आवश्यक चीजें साझा हो रही हैं। यह बहुत जीवंत, बहुत सक्रिय साझेदारी है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के आभारी हैं।

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?