ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

सुलिवन की यात्रा के बीच व्हाइट हाउस बोला, अमेरिका-भारत के बीच दोस्ती का अनूठा बंधन

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भारत की दो दिनी यात्रा पर पहुंचे हैं। भारत के लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया जीत के बाद जो बाइडन प्रशासन की ओर से यह पहली हाई लेवल यात्रा है।

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान। / Image - YouTube/US Department of State

(प्रन्वी शर्मा)
व्हाइट हाउस ने कहा है कि दुनिया के दो सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में अमेरिका और भारत के बीच दोस्ती का एक अनूठा बंधन है। यह बात अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन की भारत यात्रा के संदर्भ में राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कही। 

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने दो दिनी भारत यात्रा के दौरान अपने समकक्ष अजीत डोभाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। मोदी की हालिया चुनावी जीत के बाद जो बाइडन प्रशासन की ओर से यह पहली हाई लेवल वार्ता है।

किर्बी ने भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में इस यात्रा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सुलिवन की यात्रा एक सुरक्षित व समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र बनाने के लिए अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी को और गहरा बनाएगी। 

सुलिवन ने नई दिल्ली में यूएस-इंडिया इनिशिएटिव ऑन क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (आईसीईटी) की सह-अध्यक्षता भी की। इस ऐतिहासिक साझेदारी का उद्देश्य अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, एडवांस टेलीकम्युनिकेशंस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा सहित प्रमुख प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग का विस्तार करना है। 

आईसीईटी पहल अमेरिका और भारत के बीच तकनीकी सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम का प्रतिनिधित्व करती है, जिसका उद्देश्य पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एवं आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देना है।

Comments

Related