ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

एयर कनाडा विमान हादसे पर भारतीय मूल के नेताओं ने जताया शोक

यह हादसा उस समय हुआ जब मॉन्ट्रियल से आ रहा एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान रनवे पर खड़े पोर्ट अथॉरिटी के फायर ट्रक से टकरा गया था। इस विमान में कुल 72 यात्री और 4 क्रू सदस्य सवार थे।

 (बाएं से दाएं) अनीता आनंद, जोहरान ममदानी, सरिता कोमाटिरेड्डी (बाएं से दाएं) अनीता आनंद, जोहरान ममदानी, सरिता कोमाटिरेड्डी / File Photo

न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर 22 मार्च को एयर कनाडा के एक विमान और फायर ट्रक की टक्कर में दो पायलटों की मौत और दर्जनों लोगों के घायल होने के बाद भारतीय मूल के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी दी गई है और नेशनल ट्रांसर्पोटेशन सेफ्टी बोर्ड इस मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इस दुखद घटना से अवगत हूं और शहर संघीय, राज्य और स्थानीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हूं।

उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि मैं हमारे फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स का आभारी हूं, जिनकी तत्परता से कई जानें बचाई जा सकीं।
 



कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने भी गहरा शोक जताते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को कांसुलर सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में दो पायलटों की मौत बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों और घायल यात्रियों के साथ हैं। उन्होंने बताया कि कांसुलर अधिकारी स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और अतिरिक्त टीम न्यूयॉर्क भेजी जा रही है।
 



न्यूयॉर्क अटॉर्नी जनरल पद की उम्मीदवार सरिता कोमाटिरेड्डी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं यात्रियों, क्रू और मृत पायलटों के परिवारों के साथ हैं। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं के तेजी से किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद भी दिया। 



आपको बताएं कि यह हादसा उस समय हुआ जब मॉन्ट्रियल से आ रहा एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान रनवे पर खड़े पोर्ट अथॉरिटी के फायर ट्रक से टकरा गया था। इस विमान में कुल 72 यात्री और 4 क्रू सदस्य सवार थे। ये हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ था। इस दुर्घटना में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई जबकि 40 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार फायर ट्रक किसी अन्य विमान से जुड़ी आपात स्थिति के लिए वहां था। शुरुआती एयर ट्रैफिक कंट्रोल ऑडियो से संकेत मिलते हैं कि विमान और फायर ट्रक दोनों को एक ही रनवे पर अनुमति दी गई होगी जिससे गलतफहमी की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद ला गार्डिया एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया जिससे न्यूयॉर्क क्षेत्र में सैकड़ों उड़ानों पर असर पड़ा और कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट करनी पड़ीं। इस हादसे की जांच जारी है, जिसमें अमेरिकी और कनाडाई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।

Comments

Related