ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

महाकुंभ 2025 से पहले भारतीय शहर प्रयागराज में गूंजी किलकारियां, कुंभ के बाद जन्मी गंगा

महाकुंभ से पहले प्रयागराज में किलकारियां गूंजी। यहां अस्पताल में दो बच्चों का जन्म हुआ। लड़के का नाम कुंभ और बच्ची का नाम गंगा रखा गया है।

महाकुंभ 2025 से पहले आयोजन स्थल में मौजूद अस्पताल में दो बच्चों ने जन्म लिया। / X

भारतीय राज्य उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर में आगामी 13 जनवरी से महाकुंभ शुरू होने वाला है। इससे पहले यहां तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य से लेकर रहने तक की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। महाकुंभ से पहले प्रयागराज में किलकारियां गूंजी। यहां आयोजन स्थल पर मौजूद आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल में दो बच्चों का जन्म हुआ। लड़के का नाम कुंभ और बच्ची का नाम गंगा रखा गया है। गंगा भारत की पवित्र नदियों में से एक है। कुंभ की तैयारियों में जुटे अधिकारियों का कहना है कि महाकुंभ की आधिकारिक शुरुआत से पहले चालू हुआ यह अस्पताल उत्तर प्रदेश सरकार की दुरुस्त तैयारियों का प्रमाण है। 

दरअसल, महाकुंभ से पहले प्रयागराज में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए हाइटेक अस्थायी अस्पतालों में दो महिलाओं ने दो स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। इनके माता-पिता ने अपने बच्चों के नाम कुंभ और गंगा रखे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बच्चों को जन्म देने वाले कपल महाकुंभ की तैयारियों में जुटे मजदूर हैं। कुंभ का जन्म 29 दिसंबर को हुआ, जबकि गंगा का जन्म 30 दिसंबर को हुआ है।

महाकुंभ की तैयारियों को लेकर संतों ने जताया संतोष
12 साल में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। संतों ने भव्य तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। संतों के समूह ने कहा कि आयोजन को भव्य और श्रद्धालुओं के लिए सुविधानजक बनाने के लिए सरकार ने अथक प्रयास किया है, जो सराहनीय है।

बता दें कि महाकुंभ इस बार 13 जनवरी से 26 फरवरी, 2025 के बीच प्रयागराज में आयोजित होगा। उत्तर प्रदेश का पवित्र शहर प्रयागराज में हिंदुओं की आस्था बसती है। यह शहर गंगा- यमुना और सरस्वती नदी का संगम स्थल है। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता के चलते यहां हर 12 साल में महाकुंभ का आयोजन होता है।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in