शिवरामकृष्णन 'सोमा' सोमसेगर / IANS
भारतीय मूल के प्रौद्योगिकी कार्यकारी और उद्यमी शिवरामकृष्णन 'सोमा' सोमसेगर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। शिवरामकृष्णन माइक्रोसॉफ्ट में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं और बाद में वे अमेरिका के पैसिफिक नॉर्थवेस्ट में एक प्रमुख वेंचर कैपिटलिस्ट बने थे।
वाशिंगटन की कांग्रेस सदस्य सुजैन डेलबेने ने प्रतिनिधि सभा में कहा कि सोमासेगर हमारे समुदाय के एक अद्भुत तकनीकी विशेषज्ञ, उद्यमी, नेता और मित्र थे। डेलबेने ने कहा कि सोमासेगर की असाधारण प्रबंधन क्षमता, समर्पण और मेहनत ने उन्हें माइक्रोसॉफ्ट में लगातार आगे बढ़ाया और वे 2015 तक सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर रहे।
उन्होंने कहा, "माइक्रोसॉफ्ट में साथ काम करने के दौरान उन्हें जानने का मौका मिलना मेरे लिए खुशी की बात थी। उनकी मुस्कान और मिलनसार स्वभाव जिस भी कमरे में वे जाते थे, वहां ऊर्जा भर देते थे।" डेलबेने ने कहा कि उन्होंने अनगिनत स्टार्टअप्स का गाइड किया और हमारे क्षेत्र के इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कांग्रेस सदस्य ने उन्हें महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रबल समर्थक भी बताया, जो ऐसे संगठनों का समर्थन करते थे, जो मौके और बराबरी को बढ़ावा देने के लिए काम करते थे। अपने संबोधन का बड़ा हिस्सा डेलबेने ने सोमासेगर के परिवार को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी अकिला और उनकी दो बेटियां उनकी दुनिया का केंद्र थीं।
उन्होंने कहा, "वे अक्सर अपने परिवार के बारे में अत्यंत सम्मान, कृतज्ञता और गर्व के साथ बात करते थे। उनकी हर उपलब्धि के पीछे अपने परिवार के प्रति उनका प्रेम था। जो भी उन्हें जानता था, वह यह भी जानता था कि उनका परिवार उन्हें प्रेरित करता था, उनका साथ देता था और उनके व्यक्तित्व को आकार देता था।"
डेलबेने ने अपने सहयोगी सांसदों से सोमासेगर की विरासत का सम्मान करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनके परिवार, मित्र और सहकर्मी आने वाले सालों तक उनकी दयालुता और बुद्धिमत्ता को याद रखेंगे।
दक्षिण भारत में जन्मे और पले-बढ़े सोमसेगर 1989 में माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ने से पहले लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के लिए अमेरिका चले गए थे। उन्होंने कंपनी के इतिहास के सबसे अहम प्रोडक्ट्स में से एक, विंडोज एनटी के विकास में अहम भूमिका निभाई।
माइक्रोसॉफ्ट छोड़ने के बाद, सोमसेगर मैड्रोन वेंचर ग्रुप में मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर शामिल हुए, जहां उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में उद्यमियों और उभरती हुई कंपनियों के साथ मिलकर काम किया।
सोमासेगर सामुदायिक गतिविधियों और खेलों में भी सक्रिय थे। सिएटल ओर्कास फ्रेंचाइजी के सह-संस्थापक के रूप में उन्होंने अमेरिका के पैसिफिक नॉर्थवेस्ट क्षेत्र में प्रोफेशनल क्रिकेट को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे दक्षिण एशियाई समुदाय की बढ़ती उपस्थिति वाले क्षेत्र में क्रिकेट की लोकप्रियता भी बढ़ी।
सोमासेगर का करियर अमेरिकी प्रौद्योगिकी उद्योग में भारतीय मूल के पेशेवरों के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। पिछले कुछ दशकों में, भारत के एग्जीक्यूटिव्स और इंजीनियरों ने सिलिकॉन वैली और अमेरिकी इनोवेशन इकॉनमी को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है।
दक्षिण भारत से निकलकर माइक्रोसॉफ्ट में शीर्ष नेतृत्व, वेंचर कैपिटल निवेश और पेशेवर क्रिकेट तक का उनका सफर अमेरिका में भारतीय प्रवासी समुदाय की बढ़ती उपस्थिति और तकनीक, व्यवसाय व सार्वजनिक जीवन में उसकी मजबूत होती भूमिका को दर्शाता है।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login