ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कैलिफोर्निया में भारतीय जूलरी स्टोर में डकैती, हथौड़े मारकर लूटे गहने; 5 गिरफ्तार

इस स्टोर के मालिक भारतीय मूल के नागरिक हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह स्टोर 1986 में स्थापित किया गया था। यह लग्जरी गहने और सोने-चांदी के जेवरात के लिए मशहूर है।

डकैती के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को पीछा करके पकड़ लिया। /

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सनीवेल में एक जूलरी शॉप में लूटपाट की घटना हुई है। हथौड़ों से लैस करीब 20 लुटेरों ने इस घटना को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भागते बदमाशों का पीछा करके पांच को गिरफ्तार कर लिया। बाकी भाग जाने में सफल रहे। 

लूटपाट की ये वारदात भारतवंशी के पीएनजी ज्वैलर्स में हुई। सनीवेल डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी (डीपीएस) के अधिकारियों को 12 जून को 791 ई. एल कैमिनो रियल स्थित पीएनजी ज्वैलर्स में डकैती की सूचना मिली थी। बदमाशों ने गहनों के शोकेस को हथौड़ों और अन्य औजारों से तोड़ दिया और लूटपाट की।

पुलिस अधिकारियों के पहुंचने से पहले कई संदिग्ध गाड़ियों में सवार होकर स्टोर से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दो वाहनों को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन वे भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो आगे जाकर एक वाहन में सवार बदमाशों ने चलती गाड़ी से चोरी के गहने फेंक दिए।

पांच बदमाशों ने फ्रीवे पार करके इंडस्ट्रियल एरिया में पैदल भागने का प्रयास किया। सैन कार्लोस में इंडस्ट्रियल रोड और ब्रिटन एवेन्यू के पास से चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य को डीपीएस पुलिस सर्विस डॉग ने दबोच लिया। चोरी किए गए कुछ गहने बरामद कर लिए गए हैं। 



गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान टोंगा लाटू, तवाके एसेफ, ओफा अहोमाना, किलीफी लेएटोआ और अफुहिया लावाकियाहो के रूप में हुई है। इन्हें सैंटा क्लैरा जेल भेज दिया गया है। इन पर हथियारबंद डकैती, गुंडागर्दी, वाहन चोरी, गिरफ्तारी का विरोध, अपराध की साजिश, चोरी के औजार रखने के आरोप लगाए गए हैं। इनमें से कुछ के खिलाफ पहले से वॉरंट जारी हैं 

इस स्टोर के मालिक भारतीय मूल के नागरिक हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह स्टोर 1986 में स्थापित किया गया था। यह लग्जरी गहने और सोने-चांदी के जेवरात के लिए मशहूर है। पुलिसकर्मी यह पता लगाने का भी प्रयास कर रहे हैं कि मई के महीने में सनीवेल में एक गहने की दुकान में हुई डकैती में भी क्या यही आरोपी शामिल थे। 

Comments

Related