ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23 अगस्त से अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर, ये है एजेंडा

भारतीय रक्षा मंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को गहरा बनाने की दिशा में एक और कदम है।

राजनाथ सिंह अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के निमंत्रण पर 23 से 26 अगस्त तक अमेरिका में रहेंगे। / Image - BJP.org

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के निमंत्रण पर 23 से 26 अगस्त तक अमेरिका का दौरा करेंगे। यह भारत-अमेरिका के बीच गहराते रक्षा संबंधों को रेखांकित करती है। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाना है।

यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह अमेरिकी मंत्री ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान  रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा एवं रणनीतिक संबंधों सहित परस्पर हित के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब दोनों देश तेजी से बदलते वैश्विक माहौल में अपने रक्षा उपायों को मजबूत करना चाहते हैं।

ऑस्टिन के साथ बैठक के अलावा भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन के साथ भी बैठक करेंगे। इस बैठक में भारत-अमेरिका संबंधों को विस्तार देने पर विशेष जोर के अलावा व्यापक सुरक्षा मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। 

आधिकारिक यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह अमेरिकी रक्षा उद्योग के प्रमुख भागीदारों के साथ उच्चस्तरीय गोलमेज चर्चा भी करेंगे। ये चर्चा डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग एंड टेक्नोलोजी में सहयोग के नए रास्ते तलाशने और भविष्य के रक्षा सहयोग पर केंद्रित होगी। राजनाथ सिंह अमेरिका में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे ताकि प्रवासियों से संबंधों को और मजबूत बनाया जा सके।

भारतीय रक्षा मंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को गहरा बनाने की दिशा में एक और कदम है। यह शांति, स्थिरता एवं सुरक्षा के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in