ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

नेपाल में भीषण सड़क हादसा: नदी में बस गिरने से कम से कम 12 लोगों की मौत

पुलिस के अनुसार, ड्राइवर का बस से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद वाहन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरा। यह बस काठमांडू से ओखलढुंगा के पोखली जा रही थी।

नेपाल में भीषण सड़क हादसा / IANS

नेपाल में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। यात्रियों से भरी एक बस रामेछाप जिले के माछानेटार इलाके में सड़क से फिसलकर तमाकोशी नदी में जा गिरी, पुलिस ने बताया।

रामेछाप जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख और पुलिस उपाधीक्षक भोला कुमार भट्टा ने आईएएनएस को बताया कि यह हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। उन्होंने कहा, “इस दुर्घटना में 12 लोगों की जान चली गई है। आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से सात की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।”

पुलिस के अनुसार, ड्राइवर का बस से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद वाहन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरा। यह बस काठमांडू से ओखलढुंगा के पोखली जा रही थी।

यह भी पढ़ें- बाबरी मस्जिद दोबारा नहीं बनेगी, ये दिन कभी नहीं आएगा: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ

जिला प्रशासन कार्यालय, रामेछाप ने बताया कि हादसे के बाद छह शव घटनास्थल से बरामद किए गए, जबकि छह अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हालांकि बस में सवार यात्रियों की सटीक संख्या का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस का अनुमान है कि करीब दो दर्जन यात्री बस में मौजूद थे।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और आपदा प्रबंधन प्रभाग की स्थानीय इकाइयों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।

नेपाल में हाल के वर्षों में सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने और सड़क संपर्क में सुधार के साथ सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा देखा गया है।
ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, दस साल पहले 4,999 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं वित्त वर्ष 2024–25 में 7,669 सड़क हादसे हुए, जिनमें 190 लोगों की मौत हुई। इनमें से 278 हादसों को गंभीर श्रेणी में रखा गया।

मानवीय क्षति के अलावा, सड़क सुरक्षा का आर्थिक असर भी बेहद गंभीर है। विश्व बैंक की 2020 की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली आर्थिक क्षति 2007 के बाद से तीन गुना बढ़ चुकी है, जो देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP) के 1.5 प्रतिशत के बराबर है। सड़क हादसों का सबसे ज्यादा और असमान असर गरीब वर्ग पर पड़ता है।

न्यू इंडिया अब्रॉड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें।

Comments

Related