ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

साउथ एशियन हेरिटेज मंथः हैरिस म्यूजियम में लगेगी अनूठी अनारकली पोशाक की प्रदर्शनी

प्रेस्टन सिटी काउंसिल में संस्कृति एवं कला की कैबिनेट मेंबर काउंसिलर ऐना हिंडले इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। काउंसिलर हिंडले ने कहा कि यह प्रदर्शनी सामुदायिक विविधता एवं रचनात्मकता का खूबसूरत प्रतिनिधित्व है।

प्रदर्शनी का केंद्र अनारकली पोशाक को सहारा की 25 सदस्य महिलाओं ने आठ महीनों की मेहनत से तैयार किया है। / Image – Preston City Council

इंग्लैंड के लंकाशायर स्थित हैरिस म्यूजियम, आर्ट गैलरी एंड लाइब्रेरी में दक्षिण एशियाई विरासत माह के अवसर पर 18 जुलाई से 17 अगस्त तक 'फ्री टू बी मी' प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी द हैरिस वालंटियर्स और सहारा कॉफी आफ्टरनून ग्रुप्स का सहयोगी प्रयास है।

प्रदर्शनी का केंद्र एक शानदार अनारकली पोशाक होगी, जिसे रेशम और कॉरडरॉय से तैयार किया गया है। द हैरिस वालंटियर्स द्वारा डिजाइन की गई और सहारा की 25 सदस्य महिलाओं द्वारा नक्काशी से सजाई गई यह शानदार कृति संस्कृति, शौक और प्रकृति के प्रतीकों की जटिल सजावट दिखाती है। इस पोशाक को तैयार करने में आठ महीने से अधिक का समय लगा है। यह समुदाय और सहयोग की भावना का प्रतीक है।

प्रेस्टन सिटी काउंसिल में संस्कृति एवं कला की कैबिनेट मेंबर काउंसिलर ऐना हिंडले इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। काउंसिलर हिंडले ने कहा कि यह प्रदर्शनी सामुदायिक विविधता एवं रचनात्मकता का खूबसूरत प्रतिनिधित्व है। यह हैरिस वालंटियर्स और सहारा की महिलाओं के अद्भुत प्रयासों को सामने लाता है। विरासत और जातीय पहचान के एक महत्वपूर्ण उत्सव दक्षिण एशियाई विरासत माह के दौरान यह अनूठी पेशकश होगी। 

सहारा प्रेस्टन स्थित एक स्वैच्छिक संगठन है जो मुख्य रूप से अश्वेत और अल्पसंख्यक जातीय महिलाओं के लाभ के लिए कार्य करता है। यह इन महिलाओं को व्यक्तिगत विकास के लिए मुफ्त समर्थन और अवसर प्रदान करता है। 

सहारा के मैनेजर जफर कपलैंड ने साझेदारी की तारीफ करते हुए कहा कि हम इस प्रदर्शनी का हिस्सा बनकर खुश हैं। हमें खुशी है कि यह इस अद्भुत अनारकली पोशाक को तैयार करने के लिए विभिन्न संस्कृतियों की प्रतिभाशाली महिलाओं को एक साथ लाया है। सहारा द हैरिस के समर्थन के लिए आभारी है।

बता दें कि 'फ्री टू बी मी' प्रदर्शनी जनता के लिए निशुल्क होगी। यह द हैरिस वालंटियर्स और सहारा कॉफी आफ्टरनून ग्रुप्स के उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डालती है।

Comments

Related