ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

नामी टेक कंपनियों के कर्मचारियों से दान पाने में ट्रम्प से आगे हैरिस, आंकड़े गवाह हैं

अल्फाबेट और गूगल समेत उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारियों व उनके परिजन हैरिस के प्रचार के लिए अब तक 21.6 लाख डॉलर का दान दे चुके हैं जो ट्रम्प को मिली रकम से 40 गुना अधिक है।

 राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच कड़ा मुकाबला है। राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच कड़ा मुकाबला है। / File photos Reuters/Eduardo Munoz, Nathan Howard

अमेरिका की नामी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस को चुनावी अभियान के लिए दिल खोलकर दान दे रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कई ताकतवर टेक अरबपतियों ने हैरिस के बजाय रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रम्प को सपोर्ट देने का फैसला किया है।

राजनीतिक निगरानी संस्था ओपनसीक्रेट्स के आंकड़े बताते हैं कि अल्फाबेट, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी हैरिस के अभियान के लिए लाखों डॉलर दान कर रहे हैं। यह ट्रम्प कैंप को फंड देने वाले कर्मचारियों से कहीं अधिक है। इन आंकड़ों में कंपनी के कर्मचारियों, मालिकों और श्रमिकों व मालिकों के निकट परिजनों द्वारा दी गई रकम भी शामिल है।

अधिकतर कर्मचारी जहां हैरिस को सपोर्ट कर रहे हैं, वहीं टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क, वेंचर कैपिटल फर्म आंद्रेसेन होरोविट्ज़ के सह-संस्थापक मार्क एंड्रीसेन और बेन होरोविट्ज़ जैसे टेक अरबपति ट्रम्प की इकोनमी, टैक्स और बड़े कारोबारों पर उनके रुख का सपोर्ट करते हुए उन्हें समर्थन दे रहे हैं। सिलिकॉन वैली को कभी लोकतांत्रिक और उदारवादी समर्थकों का गढ़ माना जाता था। हालांकि अब नजारा बदल गया है। ग्रेलॉक के वेंचर कैपिटलिस्ट रीड हॉफमैन और उद्यमी मार्क क्यूबन डेमोक्रेट कमला हैरिस को व्हाइट हाउस तक पहुंचाने के लिए समर्थन जुटा रहे हैं। 

आंकड़ों के मुताबिक, अल्फाबेट और गूगल समेत उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारियों व उनके परिजन हैरिस के प्रचार के लिए अब तक 21.6 लाख डॉलर का दान दे चुके हैं जो ट्रम्प को मिली रकम से 40 गुना अधिक है। अमेज़न और माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारियों और उनके परिवार वाले क्रमशः 1 मिलियन और 1.1 मिलियन डॉलर का डोनेशन दे चुके हैं। वहीं अमेज़न कर्मचारियों से ट्रम्प कैंपेन को 116,000 डॉलर और माइक्रोसॉफ्ट के पेशेवरों व उनके परिजनों से 88,000 डॉलर ही मिल पाए हैं। 

वॉलमार्ट के कर्मचारियों ने हैरिस और ट्रम्प दोनों को लगभग 275,000 डॉलर का दान दिया है। इसमें ट्रम्प को हैरिस से करीब 14,000 डॉलर ज्यादा यानी 144,000 डॉलर प्राप्त हुए हैं। मेटा और ऐप्पल के पेशेवरों व परिजनों की हैरिस को फंडिंग अभी तक एक मिलियन डॉलर से नीचे ही है, हालांकि वे ट्रम्प को योगदान दे रहे हैं। मेटा के कर्मचारियों ने हैरिस को 835,000 डॉलर और ट्रम्प को 25,000 डॉलर दान दिया है। ऐप्पल कर्मचारियों से हैरिस को 861,000 डॉलर और ट्रम्प को 44,000 डॉलर मिले हैं।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?