हनु कार्लापालेम / Courtesy photo
भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेट उम्मीदवार हनु कार्लापालेम 30 मई को अलबामा के डेकैटर शहर में चुनावी रैली आयोजित करने जा रहे हैं। यह रैली हाई पॉइंट मार्केट, 307 सेकेंड एवेन्यू एसई, डेकैटर, अलबामा में होगी। कार्यक्रम का नाम रखा गया है — रैली फॉर एन अलबामा वी कैन अफोर्ड।
आयोजकों के मुताबिक यह कार्यक्रम समुदाय, बातचीत और नॉर्थ अलबामा के भविष्य को लेकर साझा सोच पर केंद्रित होगा। रैली के बारे में बात करते हुए कार्लापालेम ने कहा कि यह अभियान ऐसे अलबामा के लिए है जिसमें लोग कम खर्च, मजबूत सरकारी स्कूल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं वहन कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि जब अलबामा के परिवार खर्च कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तब सुपरमेजॉरिटी वाली विधानसभा और विशेष हित समूह लोगों पर अपनी पकड़ और मजबूत कर रहे हैं। कार्लापालेम ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट 4 के लोगों को नई शुरुआत और नए नेतृत्व की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं और मैं चुप बैठ नहीं सकता था। कार्लापालेम का चुनाव अभियान तीन मुख्य सिद्धांतों पर आधारित है इकोनॉमी फर्स्ट, पीपल फर्स्ट, कॉन्स्टिट्यूशन फर्स्ट। उन्होंने कहा कि मेरी निष्ठा संविधान के प्रति है। किसी राजा, विशेष हित समूह या कानून से ऊपर किसी पार्टी के प्रति नहीं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मैं 3 नवंबर को आपका वोट मांग रहा हूं ताकि ऐसा अलबामा बनाया जा सके जिसे लोग वास्तव में वहन कर सकें। कार्लापालेम ने समर्थकों से स्वयंसेवा करने, घर-घर जाकर प्रचार करने, फोन कॉल करने, प्रचार बोर्ड लगाने और आर्थिक सहयोग देने की भी अपील की।
आपको बताएं कि हनु कार्लापालेम मैडिसन में रहने वाले तकनीकी उद्यमी और सामुदायिक कार्यकर्ता हैं। वह दो दशक से ज्यादा समय से इस क्षेत्र में रह रहे हैं। वह विनहैम्ज कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, जो नेटवर्क समाधान और क्लाउड सेवाएं प्रदान करती है।
पहली पीढ़ी के प्रवासी कार्लापालेम ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, भारत से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके अलावा उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ अलबामा इन हंट्सविल से मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में मास्टर डिग्री भी ली है। वह पहले लाइमस्टोन काउंटी NAACP के सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं। उन्होंने बिजली की बढ़ती कीमतों, शिक्षा, क्षेत्रीय विकास और मतदान अधिकार जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी है।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login